मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर केरल के सीएम सतीशन का तीखा हमला, इस्तीफे की मांग की
तिरुवनंतपुरम, 27 सितंबर (आईएएनएस)। केरल के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बेहद तीखी पोस्ट लिखी है। उन्होंने ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें एक पल भी अपने पद पर बने रहने का अधिकार नहीं है।
मुख्यमंत्री सतीशन ने अपनी पोस्ट में केरल के पूर्व मुख्य सचिव जिजी थॉमसन के हालिया खुलासों का हवाला दिया है। उन्होंने लिखा, "केरल के पूर्व मुख्य सचिव जिजी थॉमसन ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जो खुलासे किए हैं, वे बेहद गंभीर हैं। यह साबित करने के लिए किसी और सबूत की जरूरत नहीं है कि ज्ञानेश कुमार ने भाजपा के एजेंट के तौर पर काम किया।"
उन्होंने आगे लिखा, "अब यह साफ हो गया है कि उन्होंने भाजपा के इशारे पर लोकतंत्र को कमजोर करने वाले एक ऑपरेटिव के तौर पर काम किया। इतिहास ज्ञानेश कुमार को उस व्यक्ति के तौर पर याद रखेगा जिसने चुनाव आयोग की विश्वसनीयता को भाजपा के हाथों बेच दिया और भारतीय लोकतंत्र को मौत की सजा सुनाई।"
मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में चुनाव आयोग की पवित्रता और संविधान का जिक्र करते हुए कहा, "देश के सबसे ऊंचे संवैधानिक पदों में से एक पर रहते हुए लोकतंत्र को कमजोर करने वाले ज्ञानेश कुमार को एक पल के लिए भी पद पर नहीं बने रहना चाहिए। संविधान खुद चुनावी प्रक्रिया की पवित्रता और शुचिता पर जोर देता है।"
सतीशन ने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार ने चुनाव आयोग जैसी स्वतंत्र संस्था को संघ परिवार के इशारों पर चलने वाली संस्था बना दिया है। उन्होंने उन्हें 'आपराधिक सोच वाले अधिकारी' तक कह दिया और कहा कि इस पद पर उनका बने रहना भारतीय लोकतंत्र के लिए बहुत बड़ा खतरा है।
अपनी पोस्ट के अंत में उन्होंने विपक्ष के नेता राहुल गांधी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, "ज्ञानेश कुमार ने चुनाव आयोग की पारदर्शिता, ईमानदारी, निष्पक्षता और लोकतांत्रिक भावना को खत्म कर दिया है। विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने जो बातें पहले कही थीं, वे अब सच साबित हो गई हैं।"
--आईएएनएस
एससीएच/एएस
