Aapka Rajasthan

'मुझे बस अपना सब कुछ झोंकना होगा,' प्री-क्वार्टर फाइनल में वांग से भिड़ंत के लिए तैयार सिंधु

नई दिल्ली, 19 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय स्टार शटलर पीवी सिंधु बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 के विमेंस सिंगल्स प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं। सिंधु ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में कनाडा की झांग वेन यू के खिलाफ 21-16, 21-17 से जीत हासिल की।'अंतिम 16' में सिंधु का सामना चीन की तीसरी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी वांग जी यी से होगा, जो मलेशिया की करुवाथेवन लेतशाना के खिलाफ 21-16, 21-9 से जीत दर्ज करते हुए अगले दौर में पहुंची हैं।
 

नई दिल्ली, 19 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय स्टार शटलर पीवी सिंधु बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 के विमेंस सिंगल्स प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं। सिंधु ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में कनाडा की झांग वेन यू के खिलाफ 21-16, 21-17 से जीत हासिल की।'अंतिम 16' में सिंधु का सामना चीन की तीसरी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी वांग जी यी से होगा, जो मलेशिया की करुवाथेवन लेतशाना के खिलाफ 21-16, 21-9 से जीत दर्ज करते हुए अगले दौर में पहुंची हैं।

सिंधु अगले मुकाबले में चीनी खिलाड़ी के विरुद्ध पूरे आत्मविश्वास के साथ उतरेंगी, जिनके खिलाफ अब तक कोई भी मैच नहीं गंवाया है। सिंधु इस मुकाबले में अपना शत प्रतिशत झोंकने उतरेंगी। जीत के बाद सिंधु ने पत्रकारों से कहा, "इस जीत से मुझे आत्मविश्वास मिलता है। मैंने वांग झियी के साथ कई बार खेला है, और कल फिर से उनके खिलाफ खेलते हुए... मुझे लगता है कि हम एक-दूसरे के खेल को अच्छी तरह जानते हैं। मुझे लंबे मुकाबलों के लिए तैयार रहना होगा।"

"यह आसान नहीं होगा, या आप आसानी से प्वाइंट मिलने की उम्मीद नहीं कर सकते, क्योंकि जब आप टॉप-रैंक वाले खिलाड़ी के खिलाफ खेलते हैं, तो आपको हर स्थिति के लिए तैयार रहना पड़ता है। कल भी वैसा ही खेल होगा, मुझे बस अपना सब कुछ झोंक देना है और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना है, अपना शत प्रतिशत देना है। आखिर में यही मायने रखता है, क्योंकि जब आप कोर्ट पर उतरते हैं, तो आपको उसी हिसाब से खुद को बदलना पड़ता है, क्योंकि यह कोई नई बात नहीं है और मैं पहली बार उनके खिलाफ नहीं खेल रही हूं। चूंकि, हम एक-दूसरे के खेल को जानते हैं, इसलिए हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि हम जरूरत के हिसाब से बदलाव करते रहें।"

सिंधु मानती हैं कि इस मुकाबले में उनसे कुछ गलतियां हुईं, लेकिन घरेलू दर्शकों के बीच वह अगले मैच में और भी ज्यादा जोश से उतरेंगी। उन्होंने कहा, "शायद यह और भी बेहतर हो सकता था, क्योंकि मेरी तरफ से कुछ ऐसी गलतियां हुईं जो नहीं होनी चाहिए थीं। मुझे उन पर काबू पाना चाहिए था। लेकिन हां, घरेलू दर्शकों का समर्थन अद्भुत और शानदार था। मैं वहां मौजूद दर्शकों का शुक्रिया अदा करती हूं, और उम्मीद करती हूं कि कल भी वे मेरा समर्थन करने के लिए वहां मौजूद रहेंगे। मुझे उम्मीद है कि उस सपोर्ट से मैं अपना बेस्ट दे पाऊंगी और जीत हासिल कर पाऊंगी।"

सिंधु ने हाल ही में जापान ओपन का खिताब अपने नाम किया है। वह फिटनेस के मामले में भी काफी बेहतर नजर आ रही हैं। सिंधु खुद को इंजरी से बचाकर रखना चाहती हैं, उन्होंने कहा, "सब कुछ अच्छा चल रहा है। मुझे एक बार में एक ही चीज पर फोकस करना है, और यह सुनिश्चित करना है कि अगर कोई बदलाव करने हों तो हम टीम के तौर पर उन पर चर्चा करें और समझदारी से फैसले लें। कुल मिलाकर यह साल अब तक अच्छा रहा है, उम्मीद है कि आने वाले कुछ महीनों में यह और भी बेहतर होगा। बस मुझे अपना ध्यान केंद्रित रखना होगा और सुनिश्चित पक्का करना है कि मैं हर बार अपना बेस्ट दूं और चोट से बची रहूं। मुझे लगता है कि यह बहुत जरूरी है।"

बैडमिंटन विश्व महासंघ (बीडब्ल्यूएफ) ने पारंपरिक 21-प्वाइंट स्कोरिंग सिस्टम को बदलकर नया 3×15 प्वाइंट स्कोरिंग सिस्टम आधिकारिक तौर पर मंजूर कर लिया है, जो 4 जनवरी 2027 से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पूरी तरह लागू होगा। इसे लेकर सिंधु ने कहा, "मुझे लगता है कि यह बिल्कुल अलग है। यह रोमांचक होगा, और इसमें बहुत मेहनत की जरूरत होगी। आपको पहले प्वाइंट से ही पूरी तरह सतर्क रहना होगा। आप आसानी से प्वाइंट हासिल नहीं कर सकते या 5-6 प्वाइंट गंवाकर अगले पांच प्वाइंट पर फोकस नहीं कर सकते। 21-प्वाइंट वाले गेम में वापसी का समय मिल जाता था, लेकिन 15-प्वाइंट वाले गेम में मुझे नहीं लगता कि ऐसा हो पाएगा। यह बहुत दिलचस्प होगा और जाहिर है कि यह बहुत तेज गेम होगा।"

--आईएएनएस

आरएसजी