Aapka Rajasthan

'मुझे ऐसा महसूस हुआ, जैसे वह मुझे देख रहा है', भाई सुशांत को याद कर भावुक हुईं श्वेता सिंह कीर्ति

मुंबई, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। बॉलीवुड के दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत आज भी अपने चाहने वालों के दिलों में जिंदा हैं। इस बीच, उनकी बहन श्वेता सिंह कीर्ति ने एक ऐसा अनुभव साझा किया, जिसने हर किसी को भावुक कर दिया। उन्होंने अपने जीवन की एक नई शुरुआत के साथ-साथ अपने भाई की मौजूदगी को महसूस करने की बात कही।
 
'मुझे ऐसा महसूस हुआ, जैसे वह मुझे देख रहा है', भाई सुशांत को याद कर भावुक हुईं श्वेता सिंह कीर्ति

मुंबई, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। बॉलीवुड के दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत आज भी अपने चाहने वालों के दिलों में जिंदा हैं। इस बीच, उनकी बहन श्वेता सिंह कीर्ति ने एक ऐसा अनुभव साझा किया, जिसने हर किसी को भावुक कर दिया। उन्होंने अपने जीवन की एक नई शुरुआत के साथ-साथ अपने भाई की मौजूदगी को महसूस करने की बात कही।

दरअसल, श्वेता सिंह कीर्ति ने हाल ही में एक नई प्रॉपर्टी ली है, जिसे वह एक खास मकसद के लिए तैयार कर रही हैं। उनका सपना है कि यह जगह ऐसी बने, जहां लोग मानसिक शांति पा सकें और खुद से जुड़ सकें।

उन्होंने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए बताया, ''इस प्रॉपर्टी की चाबी लेने के बाद जब मैं वहां जा रही थीं, तभी कुछ ऐसा हुआ, जिसने मुझे इमोशनल कर दिया। रास्ते में अचानक मेरे भाई की फिल्म 'काई पो छे' का गाना 'मांझा' बजने लगा। इस गाने को सुनते ही मेरी आंखों से आंसू बहने लगे। मुझे ऐसा महसूस हुआ जैसे मेरा भाई मेरा साथ ही है, मुझे देख रहा है और इस नई शुरुआत में मेरा साथ दे रहा है।''

इस अनुभव के बाद श्वेता ने तय किया कि इस नई प्रॉपर्टी में वह अपने भाई के लिए एक केबिन तैयार करेंगी।

श्वेता ने नई प्रॉपर्टी की तस्वीरें लोगों के साथ साझा कीं। उन्होंने कहा, "यह जगह मेरे दिल के बहुत करीब है। इस प्रॉपर्टी की चाबी वैदिक नववर्ष के दिन मिली। यह संयोग नहीं, बल्कि भगवान का आशीर्वाद है, तभी मेरे इस सपने को साकार करने का सही समय चुना गया है।"

उन्होंने आगे बताया, ''यह जगह माउंट शास्ता में स्थित है, जिसे 'पश्चिम का हिमालय' भी कहा जाता है। यह जगह अपनी शांति और प्राकृतिक सुंदरता के लिए जानी जाती है। मेरा सपना है कि यहां आने वाले लोग दुनिया की भागदौड़ से दूर होकर मेडिटेट कर सकें, खुद को समझ सकें और अपने भीतर झांक सकें। मैं इसे एक डिजिटल डिटॉक्स सेंटर के रूप में विकसित करना चाहती हूं, जहां लोग कुछ समय के लिए बाहरी दुनिया से कटकर सुकून पा सकें।''

श्वेता ने कहा, ''मुझे इसका विचार उन मेडिटेशन कैंप से मिला, जहां मैंने खुद समय बिताया था। उन अनुभवों ने मुझे यह सिखाया कि खुद के साथ समय बिताना कितना जरूरी है। इसी सोच के साथ मैं एक ऐसी जगह बनाना चाहती हूं, जो लोगों को अपने भीतर की शांति से जोड़ सके।''

श्वेता ने बताया कि इस प्रोजेक्ट में अभी बहुत काम बाकी है।

गौरतलब है कि सुशांत सिंह राजपूत का निधन 14 जून 2020 को हुआ था। वह टीवी शो 'पवित्र रिश्ता' में 'मानव' के किरदार से घर-घर में मशहूर हुए थे और बाद में बॉलीवुड में भी अपनी अलग पहचान बनाई। आज भी उनके काम और उनकी यादें लोगों के बीच मौजूद हैं।

--आईएएनएस

पीके/एएस