Aapka Rajasthan

मुहर्रम जुलूस में जहरीले कैप्सूल बांटने का मामला: मौलाना सैफ अब्बास ने बताया बड़ी साजिश, गहन जांच की मांग

लखनऊ, 28 जून (आईएएनएस)। मुहर्रम के जुलूस के दौरान कथित तौर पर जहरीले कैप्सूल बांटने के मामले में शिया धर्मगुरु मौलाना सैफ अब्बास ने इसे बड़ी साजिश करार देते हुए मामले की गहन जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि स्थानीय पुलिस की सतर्कता से इस घटना का खुलासा हो सका और अब इसके पीछे की पूरी साजिश का पता लगाया जाना चाहिए।
 

लखनऊ, 28 जून (आईएएनएस)। मुहर्रम के जुलूस के दौरान कथित तौर पर जहरीले कैप्सूल बांटने के मामले में शिया धर्मगुरु मौलाना सैफ अब्बास ने इसे बड़ी साजिश करार देते हुए मामले की गहन जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि स्थानीय पुलिस की सतर्कता से इस घटना का खुलासा हो सका और अब इसके पीछे की पूरी साजिश का पता लगाया जाना चाहिए।

मौलाना सैफ अब्बास ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा, "यह एक गंभीर मामला है, जिसे पुलिस ने समय रहते पकड़ लिया। यह बहुत बड़ी साजिश थी, जिसको वहां की पुलिस ने बेनकाब कर दिया। जिस तरीके से कैप्सूल बांटे जा रहे थे, उससे किसी को कोई शक भी नहीं हो पा रहा था, लेकिन पुलिस की सतर्कता के कारण इस मामले का खुलासा हुआ।"

उन्होंने पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि इस कदम के लिए अधिकारियों को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। मौलाना सैफ अब्बास ने कहा, "मामले में एक व्यक्ति की गिरफ्तारी हुई है, लेकिन जांच को आगे बढ़ाकर इसके पीछे शामिल अन्य लोगों और पूरी साजिश का पता लगाना जरूरी है।"

उन्होंने कहा, "इस मामले में साजिश करने वाले वही लोग हो सकते हैं, जो देश और समाज के खिलाफ माहौल खराब करने की कोशिश करते हैं।"

शिया धर्मगुरु ने इस मामले के संभावित कनेक्शन की जांच करने की मांग की। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियों को यह पता लगाना चाहिए कि इस घटना के पीछे कौन लोग हैं और इसका उद्देश्य क्या था। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं समाज में डर और नफरत फैलाने का प्रयास हो सकती हैं।

मौलाना सैफ अब्बास ने कहा, "इस घटना के लिंक को तलाश किया जाना चाहिए। इस पूरे मामले को किसने रचा, इसका पर्दाफाश होना जरूरी है।"

उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री से भी मामले की जांच किसी बड़ी एजेंसी से कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र सरकार अपने स्तर पर जांच कर रही है, लेकिन इस मामले की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत जांच आवश्यक है।

--आईएएनएस

एससीएच/डीकेपी