Aapka Rajasthan

मुद्दों पर बहस करें, व्यक्तिगत आरोप और महिला नेतृत्व पर टिप्पणी निंदनीय: पंकज कुमार सिंह

नई दिल्ली, 20 दिसंबर (आईएएनएस)। दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवहन मंत्री पंकज कुमार सिंह ने शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में विपक्ष पर तीखा हमला बोला। इस दौरान उन्होंने कहा कि अगर विपक्ष को बहस करनी है तो उसे व्यक्तिगत आरोप, महिला नेतृत्व पर आपत्तिजनक टिप्पणियों और पोस्टरबाजी के बजाए अपने कार्यकाल के दौरान किए गए कार्यों पर बात करनी चाहिए।
 
मंत्री डॉ पंकज कुमार सिंह ने कहा कि छोटी राजनीति और निराधार आरोपों से दिल्ली की जनता को गुमराह नहीं किया जा सकता। यदि विपक्ष ने वास्तव में दिल्ली की जनता के हित में काम किया होता, तो आज हालात कहीं बेहतर होते। दुर्भाग्य से, उनके लिए जनता नहीं, बल्कि केवल अपने राजनीतिक हित ही प्राथमिकता में रहे।

उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि एक महिला मुख्यमंत्री को निशाना बनाकर की जा रही पोस्टरबाजी और टिप्पणियां न केवल दुर्भाग्यपूर्ण हैं, बल्कि पूरी तरह निंदनीय भी हैं। किसी महिला के खिलाफ इस प्रकार की छोटी और घटिया राजनीति किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में स्वीकार्य नहीं है। मंत्री ने सवाल उठाया कि क्या इस तरह का आचरण किसी को शोभा देता है।

मंत्री पंकज कुमार सिंह ने विपक्ष को खुले तौर पर चुनौती देते हुए कहा कि यदि बहस करनी है तो मुद्दों पर कीजिए। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल अपने दस वर्षों के कार्यकाल में दिल्ली की जनता के लिए किए गए केवल पांच ठोस कार्यों को सामने रखें और यह बताएं कि वास्तव में उन्होंने स्वास्थ्य और परिवहन व्यवस्था के लिए क्या किया।

डॉ पंकज सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य और परिवहन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को विपक्ष ने हजारों करोड़ रुपए के घाटे की स्थिति में पहुंचा दिया। इसके विपरीत, वर्तमान सरकार सुधार, जवाबदेही और परिणाम आधारित शासन पर काम कर रही है।

दिल्ली परिवहन निगम को लेकर मंत्री ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि इस वर्ष दिल्ली परिवहन निगम घाटे से बाहर निकलकर मुनाफे की स्थिति में आएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इसके सकारात्मक और ठोस परिणाम जमीन पर स्पष्ट रूप से दिखाई देंगे।

उन्होंने दोहराया कि दिल्ली सरकार राजनीति नहीं, बल्कि काम में विश्वास रखती है, और जनता ने प्रधानमंत्री के विजन पर जो मोहर लगाई है, उस पर हम लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित दिल्ली’ के विजन पर जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरने के लिए सरकार निरंतर और प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।

--आईएएनएस

एमएस/डीकेपी