Aapka Rajasthan

एमपीएससी ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती पेपर लीक मामले का दावा करने वाले ऋषिकेश को क्राइम ब्रांच का समन, पूछताछ में हुए शामिल

मुंबई, 28 जुलाई (आईएएनएस)। महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग (एमपीएससी) की ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले में जांच तेज हो गई है। पेपर लीक का दावा करने वाले ऋषिकेश गांगर्डे (पाटील) को मुंबई क्राइम ब्रांच ने समन जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया है। मंगलवार को ऋषिकेश अपने वकील के साथ क्राइम ब्रांच कार्यालय पहुंचे, जहां उनसे मामले को लेकर पूछताछ जारी है।
 
मुंबई पुलिस के अनुसार, क्राइम ब्रांच ने ऋषिकेश गांगर्डे से उनके दावों के समर्थन में मौजूद सभी सबूत पेश करने को कहा है। फिलहाल अधिकारी उनसे यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि उन्होंने पेपर लीक का दावा किन आधारों पर किया और उनके पास क्या साक्ष्य हैं।

गौरतलब है कि ऋषिकेश गांगर्डे ने दावा किया था कि एमपीएसी की ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक हुआ था। उन्होंने इस संबंध में महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग को ई-मेल भेजकर भी शिकायत दर्ज कराई थी।

हालांकि, महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग ने इन दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। आयोग का कहना है कि परीक्षा का पेपर लीक नहीं हुआ और इस तरह की खबरें केवल अफवाह हैं।

बताया जा रहा है कि 22 मार्च को आयोजित ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा से दो दिन पहले, यानी 20 मार्च को कुछ अभ्यर्थियों के व्हाट्सऐप ग्रुप पर परीक्षा से जुड़े सवाल पहुंच गए थे। दावा किया गया कि पेपर लीक करने वाले गिरोह ने परीक्षा के 100 में से 90 सवाल पहले ही व्हाट्सऐप ग्रुपों में साझा कर दिए थे। इसी दावे के बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया और छात्रों के बीच भी इसे लेकर नाराजगी देखने को मिली।

यह मामला 22 मार्च को आयोजित एमपीएससी ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा में प्रश्नपत्र लीक और परीक्षा में धांधली के आरोपों से जुड़ा है। इस विवाद ने महाराष्ट्र में राजनीतिक और छात्र संगठनों के बीच भी बड़ी बहस छेड़ दी थी।

फिलहाल मामले में ऋषिकेश गांगर्डे से पूछताछ जारी है और पुलिस आगे की जांच के आधार पर कार्रवाई करेगी।

--आईएएनएस

वीकेयू/पीएम