एमपीएससी भर्ती 2026: अपर डिवीजन क्लर्क के 61 पदों पर आवेदन शुरू, 12 जून आखिरी तारीख
आइजोल, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक खास मौका सामने आया है। मिजोरम लोक सेवा आयोग (एमपीएससी) न्यू कैपिटल कॉम्प्लेक्स, आइजोल ने अलग-अलग विभागों में समूह ‘बी’ (गैर-राजपत्रित) अपर डिवीजन क्लर्क (यूडीसी) के कुल 61 पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके रिक्तियों की घोषणा की है।
एमपीएससी ने जिन विभागों में 61 पदों पर वैकेंसी निकाली है, उनमें पीएंडई से 4, स्कूल शिक्षा से 5, सहकारिता से 1, चुनाव से 1, पीडब्ल्यूडी से 39, उत्पाद शुल्क और नारकोटिक्स से 2, मत्स्य पालन से 1, रेशम उत्पादन से 2, जीएडी (डीसी सेरछिप) से 1, जीएडी (डीसी कोलासिब) से 3, और पीएचई से 2 पद शामिल हैं।
इन पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया गुरुवार से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 12 जून तय की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय लास्ट डेट के शाम 04.00 बजे तक अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
लोअर डिवीजन क्लर्क (एलडीसी) ग्रेड में पद धारण करने वाले अधिकारी, जिनके पास ग्रेड में 7 वर्ष की नियमित सेवा है, जो उन्हें नियमित आधार पर नियुक्त किए जाने के बाद प्रदान की गई हो, वे एमपीएससी की ओर से जारी पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन सीमित विभागीय परीक्षा (लिखित) और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी वेतन मैट्रिक्स में स्तर 6 के अनुसार होगी।
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले एमपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए दिए गए सक्रिय आवेदन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें।
मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फॉर्म को चेक कर सबमिट कर दें। लास्ट में एप्लीकेशन फॉर्म का प्रिंट आउट भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित निकाल कर रख लें।
--आईएएनएस
डीके/एबीएम
