मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव पीएम मोदी से मिले, ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2027 के लिए दिया निमंत्रण
नई दिल्ली, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गुरुवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री को ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2027 के लिए आमंत्रित किया। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की तरफ से भी दोनों नेताओं के बीच हुई मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर की गई।
मुलाकात के बाद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने एक्स पर इसकी जानकारी शेयर करते हुए बताया कि बैठक के दौरान प्रधानमंत्री को मध्य प्रदेश में निवेश, औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन की दिशा में किए जा रहे प्रयासों से अवगत कराया गया। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को मध्य प्रदेश में विभिन्न योजनाओं में हुई प्रगति के बारे में भी जानकारी दी।
मोहन यादव ने प्रधानमंत्री को किसान कल्याण वर्ष 2026 के दौरान किसानों के हित में लिए गए फैसलों, बलराम कृषि महोत्सव, सांदीपनि विद्यालयों की उपलब्धियों और सुगम परिवहन योजना के बारे में जानकारी दी। प्रधानमंत्री से मुलाकात से पहले मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 'प्रोजेक्ट चीता' और वन्यजीव संरक्षण को लेकर भी एक्स पर पोस्ट किया था।
उन्होंने देश में चीतों के सफल पुनर्स्थापन के लिए किए जा रहे सामूहिक प्रयासों की प्रधानमंत्री मोदी द्वारा सराहना किए जाने पर कहा कि इससे सभी को नई ऊर्जा और उत्साह मिला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश के लिए यह गौरव की बात है कि 'प्रोजेक्ट चीता' की सफलता ने वन्यजीव संरक्षण के संकल्प को और मजबूत किया है। उन्होंने इसका श्रेय प्रदेश के वनकर्मियों, अधिकारियों, वैज्ञानिकों और स्थानीय समुदायों के प्रयासों को दिया। उन्होंने लोगों से वन्यजीवों के सुरक्षित आवास और प्रकृति के संतुलन को बनाए रखने में योगदान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे वन्यजीव संरक्षण के साथ-साथ मध्य प्रदेश में वन पर्यटन को भी नई दिशा और गति मिलेगी।
--आईएएनएस
एएसएच/वीसी
