मोइली के बयान पर सुधांशु त्रिवेदी का कांग्रेस पर हमला, बोले-लोकतंत्र के पीछे छिपा था राजतंत्र का अहंकार
नई दिल्ली, 19 नवंबर (आईएएनएस)। भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने गुरुवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एम. वीरप्पा मोइली के बयान पर कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कि उनकी सरकारों में लोकतंत्र के पीछे राजतंत्र का अहंकार छिपा था।
कांग्रेसी नेता ने दावा किया कि 'कुछ कांग्रेस नेताओं ने मोदी के खिलाफ जांच रुकवाई। इस बयान के बाद से सियासी बयानबाजी तेज हो गई है।
नई दिल्ली में आयोजित एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि मोइली ने एक गंभीर रहस्य से पर्दा उठा दिया है। उनके बयान से स्पष्ट हो गया है कि लोकतंत्र की लड़ाई लड़ने का दावा करने वाली कांग्रेस की सरकारों में लोकतंत्र किस पैरामीटर पर चलता था।
सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि मोइली ने यह साफ कर दिया है कि गृह मंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (जो उस समय गुजरात के मुख्यमंत्री थे) के खिलाफ लगाए जा रहे आरोपों पर फैसला कांग्रेस पार्टी ले रही थी। मुझे नहीं लगता कि इस आरोप को स्वीकार करने का इससे ज्यादा सीधा कोई और तरीका हो सकता है। जांच एजेंसी और न्यायिक प्रक्रिया को पूरी तरह दरकिनार किया जा रहा था। यह इस पूरे मामले का पहला स्पष्ट निष्कर्ष है।
उन्होंने दूसरा निष्कर्ष बताते हुए कहा कि उस समय मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री होते हुए भी वास्तविक रूप से फैसले नहीं ले रहे थे। राहुल गांधी पर सवाल उठाते हुए त्रिवेदी ने कहा कि वह लगातार जाति की बात करते हैं। मेरी जानकारी के अनुसार, मनमोहन सिंह की आखिरी कैबिनेट में वीरप्पा मोइली ही एकमात्र ओबीसी मंत्री थे। मोइली खुद कह रहे हैं कि प्रधानमंत्री फैसले नहीं ले रहे थे बल्कि कोई और निर्णय ले रहा था।
उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस को इसका जवाब देना चाहिए। मोइली के बयान के बाद किसी तरह का संदेह नहीं रह गया है और पूरी सच्चाई सामने आ गई है। राहुल गांधी लगातार आरोप लगाते हैं कि देश में लोकतंत्र खत्म हो रहा है लेकिन उनके अपने नेता बता रहे हैं कि उनकी सरकार में फैसले कैसे लिए जाते थे। किसे आरोपी बनाना है और किसे जेल भेजना है, इसका निर्णय प्रधानमंत्री नहीं बल्कि कोई और करता था।
त्रिवेदी ने आपातकाल का जिक्र करते हुए कहा कि यह भी सामने आ चुका है कि आपातकाल लगाने का फैसला परिवार के दो लोग करते थे, न कि केंद्रीय मंत्रिमंडल या संसद। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के खत्म होने की जो वास्तविक पीड़ा कांग्रेस आज जाहिर करती है, उसकी सच्चाई अब सामने आ रही है। लोकतंत्र के दिखावे के मुखौटे के पीछे राजतंत्र का अहंकार छिपा हुआ था, जो वीरप्पा मोइली के बयान के बाद स्पष्ट हो गया है।
वहीं, वीरप्पा मोइली के बयान को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय आलोक ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फंसाने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी। सुप्रीम कोर्ट ने जब तक पीएम मोदी को बरी नहीं कर दिया, तब तक यूपीए सरकार ने उन्हें फंसाने की हरसंभव कोशिश की। सीबीआई के माध्यम से उनसे लगातार नौ घंटे तक पूछताछ कराई गई। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस नेता यह दावा कर रहे हैं कि उनकी पार्टी के नेताओं ने मोदी को बचाया था। जब कांग्रेस की सर्वोच्च नेता सोनिया गांधी खुद उन्हें जेल भिजवाने की पूरी कोशिश कर रही थीं, तो ऐसे में वीरप्पा मोइली का यह बयान बिल्कुल बेतुका है।
--आईएएनएस
डीकेएम/पीएम
