Aapka Rajasthan

मोहित उल्वा: सैनिक का बेटा, जिसने पाकिस्तान से 'लड़कर' छीन ली अंडर-19 एशिया कप ट्रॉफी

नई दिल्ली, 14 नवंबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान के खिलाफ अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल मुकाबले में शनिवार को जब मोहित उल्वा 10वें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे, तो भारत को जीत के लिए 8.3 ओवर में 86 रन की दरकार थी। यह लक्ष्य बेहद मुश्किल लग रहा था, कुछ फैंस भारत की हार को स्वीकार कर चुके थे, लेकिन अभी मोहित उल्वा का जलवा देखना बाकी था।
 

नई दिल्ली, 14 नवंबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान के खिलाफ अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल मुकाबले में शनिवार को जब मोहित उल्वा 10वें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे, तो भारत को जीत के लिए 8.3 ओवर में 86 रन की दरकार थी। यह लक्ष्य बेहद मुश्किल लग रहा था, कुछ फैंस भारत की हार को स्वीकार कर चुके थे, लेकिन अभी मोहित उल्वा का जलवा देखना बाकी था।

अल अमीरात क्रिकेट ग्राउंड (मिनिस्ट्री टर्फ 2) पर टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी पाकिस्तानी टीम ने सलामी बल्लेबाज उस्मान खान (107) के शतक की मदद से 9 विकेट खोकर 337 रन बनाए थे। भारत की तरफ से काव्य पटेल ने सर्वाधिक 4 विकेट झटके, जबकि चिगुरुपति वेंकट ने 3 विकेट चटकाए।

इसके जवाब में भारत ने अंतिम गेंद पर जीत हासिल की। टीम इंडिया के लिए कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने 101 गेंदों में 5 चौकों के साथ 80 रन बनाए, जबकि आर्यवीर सहवाग ने 58 रन की पारी खेली। मनल चौहान ने 47 रन का योगदान टीम के खाते में दिया और मोहित 26 गेंदों में 3 छक्कों और 5 चौकों के साथ 49 रन बनाकर नाबाद रहे।

338 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए मोहित ने मनल चौहान के साथ नौवें विकेट के लिए 35 गेंदों में 57 रन की साझेदारी करते हुए भारत को 300 के स्कोर तक पहुंचा दिया था।

भारत ने 47.2 ओवरों में 309 के स्कोर पर मनल चौहान का विकेट गंवाया, जिन्होंने 32 गेंदों में 3 छक्कों और इतने ही चौकों की मदद से 47 रन बनाए। इसके बाद मोहित ने निडर होकर बल्लेबाजी जारी रखी और चिगुरुपति वेंकट के साथ 10वें विकेट के लिए 16 गेदों में 30 रन की साझेदारी करते हुए अंतिम गेंद पर चौका लगाकर भारत को रोमांचक जीत दिलाई।

18 वर्षीय मोहितकुमार महेशभाई उल्वा का जन्म 30 नवंबर 2007 को गुजरात के सुरेंद्रनगर में हुआ था। दाएं हाथ से मीडियम पेस गेंदबाजी करने वाले मोहित दाएं हाथ के बेहतरीन बल्लेबाज भी हैं, जिन्होंने सौराष्ट्र के एज-ग्रुप सिस्टम से आगे बढ़कर भारत की अंडर-19 टीम में अपनी जगह बनाई।

मोहित के पिता महेशभाई उल्वा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) में कार्यरत हैं। मोहित को बचपन से क्रिकेट का शौक था। उन्होंने गांव में अपने चचेरे भाइयों के साथ टेनिस-बॉल क्रिकेट खेलना शुरू किया, जिसके बाद एकेडमी से ट्रेनिंग ली।

मोहित ने जामनगर के 'क्रिकेट बंगला' में रवींद्र जडेजा को क्रिकेट के गुर सिखाने वाले महेंद्रसिंह चौहान की देखरेख में ट्रेनिंग ली। कोच के साथ ट्रेनिंग सेशन की शुरुआत 24-25 वार्म-अप लैप्स से होती थी, जिसके बाद स्प्रिंट और ड्रिल कराए जाते। कोच ने उनकी फिटनेस पर काफी काम किया।

मोहित ने अपने करियर की शुरुआत ऑफ-स्पिनर के रूप में की थी, लेकिन कोच चौहान ने उन्हें तेज गेंदबाजी शुरू करने की सलाह दी। इसकी वजह यह थी कि दुबले-पतले मोहित तेज दौड़ भी लगाते थे। कोच की इसी नसीहत ने उन्हें धीरे-धीरे एक तेज गेंदबाज बना दिया।

पिता के राजकोट में ट्रांसफर होने के बाद, मोहित ने सौराष्ट्र के लिए एज-ग्रुप क्रिकेट खेलना शुरू किया। इससे पहले, वह सौराष्ट्र प्रीमियर लीग में जयदेव उनादकट के साथ एक सीजन खेल चुके थे। नेट्स में उनादकट को एक 'स्लोअर बाउंसर' फेंकते देखकर, मोहित ने भी इसे आजमाया। उन्होंने बताया कि उनादकट ने ही उन्हें लगातार आजमाने के लिए प्रेरित किया।

पिता ने मोहित को गेंदबाजी के साथ बल्लेबाजी पर भी ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बेटे को एक बॉलिंग मशीन के सामने खड़ा किया और थ्रोडाउन के जरिए अभ्यास कराया। इसी अभ्यास ने मोहित को विस्फोटक बल्लेबाज भी बना दिया।

मोहित को ऑस्ट्रेलिया के भारत दौरे के लिए भारतीय अंडर-19 टीम में भी जगह मिली थी। राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ पहले यूथ टेस्ट में, मोहित ने पहली पारी में 37 रन देकर 3 विकेट हासिल किए और निचले क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए, 84 गेंदों में 10 छक्कों और 4 चौकों के साथ 92 रन जड़े थे। इस सीरीज में उन्होंने 2 मुकाबलों की दो पारियों में 48.50 की औसत के साथ 97 रन बनाए, जबकि गेंद से 4 विकेट अपने नाम किए।

--आईएएनएस

आरएसजी/एबीएम