मोहम्मद अजहरुद्दीन को है भारतीय क्रिकेट टीम में डेब्यू का इंतजार
नई दिल्ली, 21 मार्च (आईएएनएस)। मोहम्मद अजहरुद्दीन का नाम पढ़ते ही आपके जेहन में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान का नाम आया होगा, लेकिन यह वह नाम नहीं है। यह 31 साल के एक विकेटकीपर बल्लेबाज का नाम है जिसे अब भी भारतीय टीम के लिए डेब्यू का इंतजार है।
1989 से 1999 का दौर भारतीय क्रिकेट में मोहम्मद अजहरुद्दीन का दौर भी कहा जा सकता है। उस दौर में अपनी कप्तानी और बल्लेबाजी से अजहरुद्दीन ने एक पीढ़ी को प्रभावित किया और अपना दीवाना बनाया। आलम यह था कि अजहरुद्दीन के नाम पर लोग अपने बच्चों का नाम रखते थे।
22 मार्च 1994 को थलंगारा, केरल में एक बच्चे का जन्म हुआ था। घर के लोग मोहम्मद अजहरुद्दीन के फैन थे, इसलिए बच्चे का नाम भी मोहम्मद अजहरुद्दीन रखा गया। बड़े होकर बच्चे पर नाम का प्रभाव पड़ा और उसने भी क्रिकेट में करियर बनाने का फैसला किया।
31 साल के हो चुके मोहम्मद अजहरुद्दीन केरल की तरफ से घरेलू क्रिकेट खेलते हैं। वह एक विकेटकीपर-बल्लेबाज हैं और दाएं हाथ से बल्लेबाजी करते हैं।
अजहरुद्दीन ने 21 साल की उम्र में (2015 में) प्रथम श्रेणी क्रिकेट में गोवा के लिए डेब्यू किया। इसी साल लिस्ट ए में भी उनका डेब्यू हुआ था, जबकि टी20 में 2016 में उन्होंने डेब्यू किया था।
पिछले एक दशक में वह केरल की तरफ से तीनों ही फॉर्मेट में खेलते रहे हैं, लेकिन भारतीय टीम में मौका मिलने का इंतजार अब भी बरकरार है।
अजहरुद्दीन के आंकड़ों पर गौर करें तो 43 प्रथम श्रेणी मैचों में 2 शतक और 11 अर्धशतक की मदद से 1,932 रन बनाए हैं। सर्वाधिक स्कोर नाबाद 177 रन है। वहीं 55 प्रथम श्रेणी मैचों में 1 शतक और 8 अर्धशतक की मदद से 1,163 रन और 51 टी20 में 129.68 की स्ट्राइक रेट से 878 रन उनके नाम है। टी20 में वह एक शतक भी लगा चुके हैं। उनका सर्वाधिक स्कोर नाबाद 137 हैं।
बतौर विकेटकीपर, प्रथम श्रेणी में 109 कैच और 16 स्टंपिंग, लिस्ट ए में 42 कैच और 6 स्टंपिंग, और टी20 में 29 कैच और 1 स्टंपिंग उनके नाम दर्ज हैं।
मौजूदा समय में भारतीय टीम में विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में जगह बनाने के लिए कड़ी प्रतियोगिता है। संजू सैमसन, ईशान किशन, केएल राहुल, जितेश शर्मा, ऋषभ पंत, और ध्रुव जुरेल जैसे नाम टीम में जगह बनाने या बनाए रखने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। ऐसे में अजहरुद्दीन को टीम इंडिया में डेब्यू का अवसर बनाने के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी।
--आईएएनएस
पीएके
