Aapka Rajasthan

मोहाली: पीसीएस परीक्षा में कथित धांधली के खिलाफ भाजपा का प्रदर्शन, संजीव वशिष्ठ ने आप सरकार को घेरा

मोहाली, 20 नवंबर (आईएएनएस)। पंजाब में पीसीएस परीक्षा के नतीजों को लेकर कथित अनियमितताओं के विरोध में शुक्रवार को भाजपा ने मोहाली में प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष संजीव वशिष्ठ के नेतृत्व में हुए इस विरोध प्रदर्शन में पार्टी ने परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग उठाई और योग्य अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने की अपील की।
 

मोहाली, 20 नवंबर (आईएएनएस)। पंजाब में पीसीएस परीक्षा के नतीजों को लेकर कथित अनियमितताओं के विरोध में शुक्रवार को भाजपा ने मोहाली में प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष संजीव वशिष्ठ के नेतृत्व में हुए इस विरोध प्रदर्शन में पार्टी ने परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग उठाई और योग्य अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने की अपील की।

संजीव वशिष्ठ ने आम आदमी पार्टी की सरकार पर भर्ती प्रक्रिया में पक्षपात और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पार्टी इस मुद्दे को पंजाब के हर घर तक पहुंचाएगी, ताकि लोगों को सरकार की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी मिल सके।

प्रदर्शन के दौरान संजीव वशिष्ठ ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने पंजाब के लोगों के साथ धोखा किया है। यह मामला केवल पीसीएस परीक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे पहले हुई भर्तियों में भी अनियमितताओं के आरोप सामने आते रहे हैं। सरकार ने सत्ता में आने से पहले पारदर्शी व्यवस्था बनाने, नौकरियां देने और स्कूलों और कॉलेजों में दाखिले की प्रक्रिया को निष्पक्ष रखने का वादा किया था, लेकिन अब स्थिति इसके विपरीत दिखाई दे रही है।

संजीव वशिष्ठ ने दावा किया कि पीसीएस परीक्षा के एक सेंटर से ही 24 प्रतिशत से अधिक अभ्यर्थियों को पास किया गया। उन्होंने इस आंकड़े पर सवाल उठाते हुए आशंका जताई कि उस केंद्र पर परीक्षा देने वाले कुछ उम्मीदवारों को कथित तौर पर पर्ची या अन्य अनुचित मदद मिली होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती प्रक्रिया में कुछ लोगों को उनके रिश्तों या पैसे के आधार पर लाभ पहुंचाया गया।

भाजपा जिला अध्यक्ष ने कहा कि सरकार ने अब तक जितनी भी भर्तियां की हैं, उनमें कथित तौर पर पर्ची और खर्ची का सहारा लिया गया। अलग-अलग विभागों के कर्मचारी और भर्ती प्रक्रिया से जुड़े अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर हैं। उन्होंने पीसीएस जैसी महत्वपूर्ण सेवा की भर्ती में भी कथित रूप से रिश्तेदारों और मध्य प्रदेश तथा राजस्थान सहित दूसरे राज्यों के उम्मीदवारों को लाभ पहुंचाने का आरोप लगाया।

वशिष्ठ ने पीसीएस परीक्षा का परिणाम रात में घोषित किए जाने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि परिणाम सुबह नौ बजे भी जारी किया जा सकता था, फिर इसे रात में घोषित करने की क्या जरूरत थी? उन्होंने इंटरव्यू जल्दबाजी में आयोजित किए जाने को लेकर भी आपत्ति जताई।

पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट की ओर से प्रक्रिया पर रोक लगाए जाने का स्वागत करते हुए वशिष्ठ ने कहा कि अदालत ने तथ्यों को देखते हुए रोक लगाई और इससे अभ्यर्थियों को न्याय मिला।

उन्होंने आगे कहा कि सरकार लगातार भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बता रही है, लेकिन अदालत का आदेश और सामने आए तथ्य कई सवाल खड़े करते हैं। यदि सरकार को लगता है कि प्रक्रिया पूरी तरह सही थी, तो उसे अदालत के सामने अपना पक्ष रखना चाहिए। कोर्ट ने तथ्यों के आधार पर फैसला लिया है और पार्टी योग्य अभ्यर्थियों के साथ न्याय की मांग करती रहेगी।

--आईएएनएस

पीएसके