मोगा पुलिस ने तीन ड्रग तस्करों के अवैध कब्जों पर चलाया बुलडोजर, पंचायत की जमीन मुक्त कराई
मोगा, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। पंजाब में नशे के खिलाफ चल रही सख्त मुहिम के तहत मोगा पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। थाना बधनी कलां पुलिस ने नगर पंचायत के सहयोग से तीन ड्रग तस्करों की ओर से पंचायत की जमीन पर किए गए अवैध कब्जों को हटाते हुए बुलडोजर चलाकर जमीन को मुक्त करवाया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए एसएसपी अजय गांधी ने बताया कि पंजाब पुलिस की ओर से ड्रग तस्करों के खिलाफ लगातार कड़ी कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत 10 अप्रैल को पुलिस और नगर पंचायत अधिकारियों की निगरानी में संयुक्त कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान सामने आया कि कुलवंत सिंह और उसके बेटे गगनदीप सिंह ने करीब 7-8 मरले पंचायत की जमीन पर अवैध मकान बनाकर कब्जा किया हुआ था। वहीं दर्शन सिंह ने लगभग 1.75 मरला जमीन पर चारदीवारी कर कब्जा किया हुआ था, जबकि रेशम सिंह ने करीब 8.50 मरले पंचायत जमीन पर अवैध चारदीवारी बना रखी थी।
पुलिस के अनुसार, ये सभी आरोपी ड्रग तस्करी से जुड़े हुए हैं और इनके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं। कुलवंत सिंह पर एक, गगनदीप सिंह पर तीन, दर्शन सिंह पर दो और रेशम सिंह पर नौ मामले दर्ज हैं। अधिकारियों ने बताया कि कब्जा की गई जमीन पर बनी संपत्तियों की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपए है।
पुलिस ने पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के बीच सभी अवैध निर्माणों को हटाकर पंचायत की जमीन को कब्जा मुक्त करा दिया। मोगा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ड्रग तस्करों और अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
--आईएएनएस
एएसएच/पीएम
