Aapka Rajasthan

पीएम मोदी के नेतृत्व में बदली बिहार की तस्वीर, शिक्षा-स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी सुधार : दिलीप जायसवाल

पटना, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि पिछले एक दशक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहार ने रेल, हवाई अड्डा, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य समेत हर क्षेत्र में तेजी से प्रगति की है। इसके लिए उन्होंने प्रदेश वासियों की तरफ से पीएम मोदी का आभार व्यक्त किया।
 

पटना, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि पिछले एक दशक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहार ने रेल, हवाई अड्डा, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य समेत हर क्षेत्र में तेजी से प्रगति की है। इसके लिए उन्होंने प्रदेश वासियों की तरफ से पीएम मोदी का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने बताया कि सोमवार को बिहार कैबिनेट की बैठक में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने एक प्रस्ताव रखा। प्रस्ताव में कहा गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहार के विकास की नई गाथा लिखी गई है। इस प्रस्ताव पर पूरे कैबिनेट ने एक स्वर में प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया और शुभकामनाएं भेजी।

उन्होंने गंगा नदी पर बने पुलों का उदाहरण देते हुए कहा कि पहले गंगा पर केवल मोकामा घाट में ही पुल हुआ करता था। लोग सोनपुर से भागू सिंह के जहाज से पटना आते थे और महेंद्रू घाट पर उतरते थे। लेकिन आज स्थिति बदल गई है। आज जेपी सेतु है, महात्मा गांधी सेतु है और उसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने महात्मा गांधी सेतु के बगल में एक नया फोर लेन पुल दे दिया है। इसी तरह जेपी सेतु के बगल में भी एक नया सिक्स लेन पुल दिया गया है। भागलपुर से नौगछिया के बीच विक्रमशिला सेतु है, उसके बगल में भी एक नया पुल दिया गया है। साहेबगंज से मनिहारी-कटिहार के बीच भी एक नया पुल दिया गया है। यह तो सिर्फ गंगा की बात है, इसी तरह अन्य सभी नदियों पर भी भारत सरकार लगातार पुलों का निर्माण करा रही है।

हवाई अड्डों के मामले में उन्होंने कहा कि पहले पटना एयरपोर्ट झोपड़ी जैसा लगता था। 70 साल तक ऐसा लगता था जैसे किसी देहात में उतर गए हों, लेकिन आज पटना एयरपोर्ट देश के बेहतरीन एयरपोर्ट में शामिल हो गया है। दरभंगा में एयरपोर्ट बना है, पूर्णिया में एयरपोर्ट बना है, भागलपुर में एयरपोर्ट बनाने का प्रस्ताव पारित हो गया है, ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट बन रहा है और पांच जगहों पर और नए एयरपोर्ट बनेंगे। इस तरह हवाई संपर्क के मामले में भी बिहार प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ा है।

रेलवे के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि पूरे बिहार में रेलवे का कायाकल्प हो गया है। सिमरिया घाट में मोकामा के पास रेलवे का एक नया पुल बन गया है, जो दो तारीख के बाद शुरू हो गया है। पूरे बिहार में सभी रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प हो रहा है। पहले कांग्रेस ने 70 साल तक रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को सीढ़ियों पर दौड़ाया, लेकिन अब एस्केलेटर और लिफ्ट लग रहे हैं। वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेनें बिहार को मिली हैं और अब बुलेट ट्रेन की भी घोषणा हो गई है। बुलेट ट्रेन शुरू होने के बाद मात्र सवा से डेढ़ घंटे में पटना से किशनगंज पहुंचा जा सकेगा।

सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर पर उन्होंने कहा कि गोरखपुर-सिलीगुड़ी कॉरिडोर, हल्दिया-वाराणसी कॉरिडोर, पटना-पूर्णिया कॉरिडोर जैसे बड़े प्रोजेक्ट मिले हैं। चारों तरफ फोर लेन और सिक्स लेन सड़कों का जाल बिछा है। शिक्षा के क्षेत्र में बिहार को 22 केंद्रीय विद्यालय मिले हैं, जिसके लिए राज्य सरकार ने जमीन भी दे दी है। केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी आ रहे हैं और सभी केंद्रीय विद्यालयों में जल्द पढ़ाई शुरू हो जाएगी।

मंत्री ने कहा कि बिहार की तरक्की की जो गाथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लिखी है, उसके लिए बिहार के 14 करोड़ लोग उन्हें कोटि-कोटि धन्यवाद देते हैं।

वहीं, राहुल गांधी के सुप्रीम कोर्ट मार्च पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री जायसवाल ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष निकम्मा और बेरोजगार हो गया है। विपक्ष के पास कोई काम नहीं बचा है और उसने सिर्फ दिल्ली और पटना की सड़कों पर राजनीति करना सीख लिया है।

उन्होंने कहा कि जब जनता ने 2029 तक के लिए एनडीए को सत्ता में लाने का जनादेश दिया है, तो विपक्ष का काम था कि वह 2029 तक जनता के बीच जाकर उसकी सेवा करे और उसका विश्वास जीते। लेकिन विपक्ष जनता के पास जाता नहीं है। वह बाढ़ पीड़ितों की सेवा नहीं करता, बीमारों का इलाज नहीं कराता, बच्चों की पढ़ाई में मदद नहीं करता और गरीबों के लिए कोई सेवा नहीं करता। बस सोशल मीडिया को पकड़कर पटना और दिल्ली में गाल बजाता है और ताल बजाता है।

ईवीएम पर विपक्ष के आरोपों पर उन्होंने कहा कि अगर ईवीएम से गलत चुनाव होता है तो तमिलनाडु, कर्नाटक और केरल में जहां कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों की सरकारें बनी हैं, उन्हें भी गलत मानना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर ईवीएम गलत है तो राहुल गांधी उन सरकारों को गिरा दें और कहें कि ये सरकारें भी गलत तरीके से बनी हैं, तो हम सब अपनी सरकारें गिरा देंगे। जंतर-मंतर पर धरना देने से कुछ नहीं होगा।

--आईएएनएस

पीआईएम/एएस