Aapka Rajasthan

मोबाइल स्नैचिंग गिरोह का खुलासा, 22 मोबाइल और चोरी की बाइक बरामद

नोएडा, 17 सितंबर (आईएएनएस)। नोएडा के फेस-2 थाने की पुलिस ने मोबाइल फोन स्नैचिंग करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 22 कीमती मोबाइल फोन, चोरी की एक मोटरसाइकिल और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी नोएडा और आसपास के इलाकों में मोबाइल फोन स्नैचिंग और चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। आरोपियों की गिरफ्तारी 16 सितंबर को लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से की गई।
 

नोएडा, 17 सितंबर (आईएएनएस)। नोएडा के फेस-2 थाने की पुलिस ने मोबाइल फोन स्नैचिंग करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 22 कीमती मोबाइल फोन, चोरी की एक मोटरसाइकिल और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी नोएडा और आसपास के इलाकों में मोबाइल फोन स्नैचिंग और चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। आरोपियों की गिरफ्तारी 16 सितंबर को लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से की गई।

पुलिस के अनुसार, फेस-2 थाना पुलिस की टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मिली सूचना और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस से मिले इनपुट के आधार पर भंगेल में गंदे नाले वाली रोड पर संदिग्धों की चेकिंग शुरू की गई। चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संतोष चौधरी पुत्र भूपेंद्र चौधरी और फारूख उर्फ सफीया पुत्र रहीस अहमद के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग कंपनियों के 22 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसके अलावा एक चोरी की मोटरसाइकिल भी मिली है, जिस पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी।

पुलिस के मुताबिक, यह मोटरसाइकिल थाना फेस-2 में दर्ज मुकदमे में चोरी हुई थी। आरोपियों के पास से दो अवैध चाकू भी बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपी संतोष चौधरी, उम्र करीब 29 वर्ष, मूल रूप से सुपौल, बिहार का रहने वाला है और वर्तमान में निठारी, सेक्टर-31 में रह रहा था। वहीं दूसरा आरोपी फारूख उर्फ सफीया, उम्र करीब 28 वर्ष, मूल रूप से बदायूं का निवासी है और वर्तमान में हल्द्वानी, थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र में रह रहा था।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों का पहले से आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। संतोष चौधरी के खिलाफ गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में चोरी, चोरी का माल रखने, माल छिपाने, एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम और आयुध अधिनियम से संबंधित कुल 12 मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। इनमें थाना सेक्टर-20, सेक्टर-24, फेस-1 और फेस-2 के मामले शामिल हैं। उसके खिलाफ वर्ष 2016 से लेकर 2026 तक अलग-अलग मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

दूसरे आरोपी फारूख उर्फ सफीया के खिलाफ भी गौतमबुद्धनगर और बदायूं में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ थाना ईकोटेक-3 में लूट, चोरी का माल रखने, आपराधिक साजिश, गैंगस्टर एक्ट, आयुध अधिनियम और अन्य धाराओं में मामले दर्ज हैं। इसके अलावा थाना बिसरख में भी चोरी, चोरी का माल रखने, आयुध अधिनियम, आबकारी अधिनियम और अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। बदायूं के वजीरगंज थाने में भी वर्ष 2026 का एक मामला दर्ज बताया गया है।

पुलिस अब बरामद किए गए 22 मोबाइल फोन के संबंध में जानकारी जुटा रही है कि इन्हें नोएडा और आसपास के किन-किन क्षेत्रों से स्नैच किया गया था। साथ ही पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर उनके नेटवर्क और पूर्व में की गई अन्य घटनाओं के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है। बरामद मोबाइल फोन की जांच के बाद संबंधित पीड़ितों और मुकदमों से उनका संबंध सामने आने की संभावना है।

फेस-2 थाना पुलिस की इस कार्रवाई से मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं की जांच को महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के आपराधिक इतिहास और बरामदगी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

--आईएएनएस

पीकेटी/डीकेपी