मिनी ने भारत में लॉन्च की कॉपर एस विक्ट्री एडिशन, 1965 मोंटे कार्लो रैली जीत की 60वीं वर्षगांठ पर समर्पित
जयपुर, 19 मार्च (आईएएनएस)। लग्जरी कार ब्रांड 'मिनी' ने भारत में अपनी नई कॉपर एस विक्ट्री एडिशन को लॉन्च कर दिया है। यह विशेष एडिशन 1965 में मोंटे कार्लो रैली में मिनी कॉपर एस की ऐतिहासिक जीत की 60वीं वर्षगांठ को समर्पित है। कंपनी ने इस मॉडल को जयपुर में अपने नए डीलरशिप संघी क्लासिक में पेश किया, जहां से यह पूरी तरह निर्मित (सीबीयू) यूनिट के रूप में देशभर के अधिकृत 'मिनी' शोरूम पर बुकिंग के लिए उपलब्ध होगी।
नई कॉपर एस विक्ट्री एडिशन को खास चिली रेड एक्सटीरियर कलर में पेश किया गया है, जो 1960 के दशक के मोटरस्पोर्ट रंगों को याद दिलाता है। इस संस्करण में क्लासिक मोंटे कार्लो रैली थीम को आधुनिक डिजाइन के साथ जोड़ा गया है, जिसमें विशेष ग्राफिक्स, बैजिंग और इंटीरियर डिटेलिंग शामिल हैं। कंपनी ने बताया कि यह मॉडल सीमित संख्या में ही उपलब्ध होगा, जिससे इसकी एक्सक्लूसिविटी और कलेक्टिबल वैल्यू बढ़ जाती है। मिनी के प्रशंसकों और मोटरस्पोर्ट प्रेमियों के लिए यह एकदम सही विकल्प है, जो प्रदर्शन और विरासत दोनों का मिश्रण चाहते हैं।
लॉन्चिंग के दौरान बीएमडब्ल्यू ग्रुप इंडिया के अध्यक्ष और सीईओ हरदीप सिंह ब्रार ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा, "नई मिनी कूपर एस विक्ट्री एडिशन 1965 मोंटे कार्लो रैली की ऐतिहासिक जीत को समर्पित है, जो उस ऐतिहासिक रेसिंग आत्मा को आधुनिक भारतीय सड़कों पर लाती है। यह सीमित संस्करण उत्कृष्ट कारीगरी का उदाहरण है, जो मिनी के प्रतिस्पर्धी डीएनए के सौंदर्य को दर्शाता है और उन लोगों के लिए बनाया गया है जो ऐसा ड्राइव चाहते हैं जो दिखने में जितना प्रतिष्ठित हो, उतना ही महसूस करने में भी हो।"
उन्होंने कहा, "हमें भारतीय उत्साही ग्राहकों को मोटरस्पोर्ट इतिहास का एक अनोखा हिस्सा देने में खुशी है, जिसे विशेष स्टाइलिंग के साथ फिर से परिकल्पित किया गया है और जो हमारी चैंपियनशिप विरासत का सम्मान करता है। यह विशेष संस्करण हमारे अतीत का एक दृश्य उत्सव है और उस प्रदर्शन की शाश्वत भावना का प्रमाण है जो आज 'मिनी' ब्रांड को परिभाषित करती है।"
मिनी कूपर 'एस' विक्ट्री एडिशन में 2.0-लीटर टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल इंजन है, जो 192 हॉर्सपावर की पावर और तेज एक्सीलरेशन प्रदान करता है। इसमें 7-स्पीड ड्यूल-क्लच ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन, स्पोर्ट्स सस्पेंशन, ब्रेकिंग सिस्टम और ड्राइविंग मोड्स जैसे विकल्प शामिल हैं। इंटीरियर में प्रीमियम लेदर, स्पोर्ट्स सीट्स, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और 'मिनी' का आइकॉनिक इंफोटेनमेंट सिस्टम है।
--आईएएनएस
एससीएच/डीकेपी
