एमआई बनाम पीबीकेएस: कौन हैं मुंबई इंडियंस की तरफ से आईपीएल डेब्यू करने वाले मयंक रावत?
मुंबई, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 24वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस (एमआई) की भिड़ंत पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के साथ हो रही है। मिचेल सैंटनर के पूरी तरह से फिट न होने की वजह से एमआई ने इस मुकाबले में 26 वर्षीय खिलाड़ी को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया है। इस खिलाड़ी का नाम है मयंक रावत। मयंक आईपीएल में अपना डेब्यू कर रहे हैं।
मयंक बल्ले और गेंद दोनों से योगदान देने के लिए जाने जाते हैं। वह निचले क्रम में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करने के साथ-साथ ऑफ-स्पिन गेंदबाजी भी करते हैं। मयंक ने दिल्ली प्रीमियर लीग में लगातार अपने शानदार प्रदर्शन से एमआई की स्काउट टीम को खासा प्रभावित किया था। दिल्ली के इस ऑलराउंडर को पिछले आईपीएल ऑक्शन में मुंबई इंडियंस ने 30 लाख रुपये के बेस प्राइस पर खरीदा था और अब वह भारत के कुछ बेहतरीन खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम शेयर कर रहे हैं। उन्हें सैंटनर और अल्लाह गजनफर जैसे इंटरनेशनल सितारों के साथ-साथ रोहित शर्मा, क्विंटन डी कॉक और सूर्यकुमार यादव जैसे महान बल्लेबाजों से भी सीखने का मौका मिल रहा है।
मयंक रावत ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन के दम पर आईपीएल तक का सफर तय किया है। फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में मयंक ने साल 2024 में डेब्यू किया था, और उन्होंने एक ही मैच खेला है। इस मुकाबले में उन्हें बल्लेबाजी करने का मौका नहीं मिला था, जबकि गेंदबाजी में वह कोई विकेट नहीं निकाल सके थे। वहीं, 11 टी20 मुकाबलों में मयंक ने 122 के स्ट्राइक रेट से 114 रन बनाए हैं, जबकि गेंदबाजी में 5 विकेट निकाले हैं।
26 साल के रावत ने दिल्ली में कोच राजेश नागर की देखरेख में अपने क्रिकेट सफर की शुरुआत की, जिन्होंने 2011 से उन्हें गाइड किया। एक व्यवस्थित जमीनी स्तर सिस्टम से निकले रावत ने स्कूल और एकेडमी क्रिकेट के दौरान लगातार ट्रेनिंग की और अपने शुरुआती सालों में अपने कोचिंग सेटअप से उन्ह जबरदस्त सपोर्ट मिला।
उन्होंने एज-ग्रुप क्रिकेट में शुरुआती दौर में ही अपनी प्रतिभा का जलवा दिखाया। खास तौर पर अंडर-14 स्तर पर मयंक का प्रदर्शन शानदार रहा। उन्होंने हरियाणा के खिलाफ 220 रन बनाए। वहीं, एक मुकाबले में मयंक ने 244 रनों की एक और शानदार पारी खेली थी। हालांकि, उन्हें शुरुआत में खेलने के ज्यादा मौके नहीं मिले।
रावत को कई सालों तक सीमित मौकों और अपने खेल में उतार-चढ़ाव का सामना करना पड़ा। फिर भी इस दौरान उन्होंने अपने कौशल पर काम करना जारी रखा और अपने ऑलराउंड खेल को बेहतर बनाने की कोशिश करते रहे। उनकी वापसी घरेलू टूर्नामेंट्स में शानदार प्रदर्शन की वजह से हुई। दिल्ली प्रीमियर लीग में मयंक दमदार प्रदर्शन से सुर्खियों में आए। दिल्ली प्रीमियर लीग के पहले सीजन में ईस्ट दिल्ली राइडर्स की तरफ से खेलते हुए मयंक ने 180 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 289 रन बनाए। इसके साथ ही उन्होंने गेंदबाजी में भी अहम विकेट निकाले। मयंक के इसी प्रदर्शन ने आईपीएल स्काउट्स का ध्यान खींचा। आईपीएल के मंच पर अब मयंक अपने दमदार प्रदर्शन से छाप जरूर छोड़ना चाहेंगे।
--आईएएनएस
एसएम/डीकेपी
