Aapka Rajasthan

मेक्सिको में 2024 के ट्रिपल मर्डर केस पर फैसला: तीन दोषियों को 158 साल कैद

सिडनी/मेक्सिको सिटी, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। मेक्सिको की एक कोर्ट ने दो ऑस्ट्रेलियाई भाइयों जेक-कैलम रॉबिन्सन और उनके अमेरिकी दोस्त कार्टर रोड की हत्या मामले में तीन दोषियों (हरेक) को 158 साल की जेल की सजा सुनाई है। मामला साल 2024 का है। जेक-कैलम रॉबिन्सन और उनके दोस्त रोड बाजा कैलिफोर्निया राज्य की सर्फ ट्रिप पर गए थे लेकिन बाद में इनके शव बरामद किए गए थे।
 

सिडनी/मेक्सिको सिटी, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। मेक्सिको की एक कोर्ट ने दो ऑस्ट्रेलियाई भाइयों जेक-कैलम रॉबिन्सन और उनके अमेरिकी दोस्त कार्टर रोड की हत्या मामले में तीन दोषियों (हरेक) को 158 साल की जेल की सजा सुनाई है। मामला साल 2024 का है। जेक-कैलम रॉबिन्सन और उनके दोस्त रोड बाजा कैलिफोर्निया राज्य की सर्फ ट्रिप पर गए थे लेकिन बाद में इनके शव बरामद किए गए थे।

एनसेनाडा की एक अदालत ने शुक्रवार (मेक्सिको के समय के अनुसार) यह सजा सुनाई। इससे एक हफ्ते पहले ही इन तीनों पुरुषों—जीसस गेरार्डो (जिन्हें "एल केकास" के नाम से भी जाना जाता है), इरिनीओ फ्रांसिस्को और एंजेल जीसस—को दोषी करार दिया गया था।

ऑस्ट्रेलियाई मीडिया हाउस द सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड के अनुसार, एक हफ्ते पहले आरोपियों का दोष सिद्ध हुआ था। उन्हें हत्या, लूटपाट और हिंसा के जरिए वाहन चोरी करने का दोषी ठहराया गया था। ये अपराध ऑस्ट्रेलियाई रॉबिन्सन बंधुओं और उनके अमेरिकी दोस्त कार्टर रोड के खिलाफ किए गए थे।

मेक्सिको की यात्रा के दौरान, लूटपाट की एक घटना में रोड और रॉबिन्सन भाइयों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। 27 अप्रैल 2024 को, जब वे एन्सेनाडा शहर के पास समुद्र किनारे एक सुनसान इलाके में कैंप कर रहे थे, तब उन पर हमला किया गया था।

कई दिनों बाद, उनके शव एक चट्टान के ऊपर बने कुएं में मिले। उनके सिर पर गोली लगने के निशान थे।

दो अन्य प्रतिवादियों, इरीनेओ फ्रांसिस्को और एंजेल जीसस, को भी दोषी पाया गया और उन्हें सजा सुनाई गई है।

अटॉर्नी जनरल कार्यालय से जारी एक बयान के अनुसार, इन लोगों में से प्रत्येक को 158 साल और नौ महीने की जेल की सजा सुनाई गई है; जिसमें क्रूर हत्या के लिए 135 साल, हिंसक लूटपाट के लिए 10 साल और 9 महीने, तथा हिंसक तरीके से वाहन चुराने के लिए 13 साल की सजा शामिल है।

रॉबिन्सन भाइयों के माता-पिता सुनवाई के हर दिन मौजूद रहे, और पिछले हफ्ते भी वहां मौजूद थे जब इन लोगों को दोषी ठहराया गया था। मुकदमा 7 सितंबर को शुरू हुआ। उन्होंने अपने बेटों की विरासत को आगे बढ़ाने के लिए उनके नाम पर एक फाउंडेशन की स्थापना की है। इसका मकसद लोगों को खुल कर जीने और प्यार करने के लिए प्रेरित करना है।

दोनों भाइयों में से बड़े, कैलम, एक पेशेवर लैक्रोस खिलाड़ी के तौर पर अमेरिका चले गए थे। उन्हें उनके मिलनसार स्वभाव और पर्यावरण के प्रति लगाव के लिए याद किया जाता है; वे तटीय इलाकों की सफाई के कामों में भी शामिल रहे थे। छोटे भाई जेक पेशे से एक चिकित्सक थे और वो इस ट्रिप के बाद ऑस्ट्रेलिया लौट जीलोंग अस्पताल में काम शुरू करने वाले थे।

बाजा कैलिफोर्निया मेक्सिको के सबसे हिंसक राज्यों में से एक है, जो संगठित अपराध और नशीले पदार्थों की तस्करी से जूझ रहा है। हालांकि, आपराधिक गिरोहों की गतिविधियों का असर आमतौर पर पर्यटकों पर नहीं पड़ता है। फिर भी, मेक्सिको के प्रशांत तट पर अन्य विदेशी पर्यटक भी आपराधिक हमलों का शिकार होते रहे हैं।

2015 में, दो ऑस्ट्रेलियाई सर्फर डीन लुकास और एडम कोलमैन की उत्तर-पश्चिमी राज्य सिनालोआ से गुजरते समय हत्या कर दी गई थी। बाद में उनके शवों को जला दिया गया था।

--आईएएनएस

केआर