मेरी अम्मी की तबीयत खराब थी, नीतीश कुमार उन्हीं से मिलने आए थे : मंत्री जमा खान
कैमूर (बिहार), 8 जून (आईएएनएस)। जनता दल यूनाइडेट (जेडीयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार कैमूर जिले के चैनपुर विधानसभा क्षेत्र के नौघरा पहुंचे। उन्होंने अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद जमा खान के आवास पर उनके परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। इस दौरान नीतीश कुमार ने मौजूद लोगों का भी अभिवादन किया। इसके बाद मंत्री जमा खान ने खुद पत्रकारों से भी इस संबंध में बातचीत की।
उन्होंने कहा कि पारिवारिक रिश्ते के तहत पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मेरे घर पर आए थे। मेरी अम्मी की तबीयत पिछले कुछ दिनों से खराब चल रही है। उन्हीं की सुध लेने के लिए नीतीश कुमार मेरे घर पर आए और मेरी अम्मी का भी हालचाल जाना। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग नीतीश कुमार की एक झलक पाने के लिए बेताब हो गए। इसके बाद स्थिति ऐसी पैदा हो गई कि नीतीश कुमार ने खुद लोगों का अभिवादन किया।
मंत्री जमा खान ने कहा कि एक सुनियोजित कार्यक्रम नहीं था, उन्हें किसी स्रोत से यह जानकारी मिली थी कि मेरी अम्मी की तबीयत खराब है, तो उन्हीं से भेंट करने आए थे। इसके बाद आए और वो चले गए। यह एक पारिवारिक रिश्ता है। इसी रिश्ते को निभाने के लिए वो मेरे घर पर आए। यह उनका प्यार है कि वो एक मामूली से कार्यकर्ता के घर आकर उनसे मुलाकात की, यह उनका प्यार है और हम इस प्यार के लिए उनका आभार प्रकट करते हैं।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार से हमारी कई मुद्दों को लेकर चर्चा हुई और यह कहना गलत नहीं होगा कि यह चर्चा सार्थक साबित हुई। हमारी उनसे मेडिकल कॉलेज को लेकर भी चर्चा हुई। हमें पूरा विश्वास है कि आने वाले दिनों में मेडिकल कॉलेज को लेकर भी शुरू की गई परियोजना धरातल पर उतर जाएगी।
--आईएएनएस
एसएचके/एबीएम
