मित्र पीएम मोदी बधाई संदेश के लिए आभार, भारत-ब्राजील मिलकर उठाएंगे वैश्विक दक्षिण की आवाज: लूला
नई दिल्ली, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा ने अपने 'मित्र' और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई संदेश के लिए धन्यवाद दिया है। हाल ही में संपन्न हुए राष्ट्रपति चुनाव के दूसरे दौर (रन ऑफ) में उन्होंने अपने निकटतम दक्षिणपंथी नेता फ्लावियो बोल्सोनारो को हराया था। लूला चौथी बार देश की कमान संभालेंगे, और इस जीत के बाद पीएम मोदी ने उन्हें बधाई दी थी।
उन्होंने भारत की 2026 में ब्रिक्स की अध्यक्षता का स्वागत करते हुए कहा कि दोनों देश बहुपक्षीय मंचों पर मिलकर काम करते रहेंगे और वैश्विक दक्षिण की आवाज को मजबूत करेंगे।
लूला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में कहा, "मेरे मित्र प्रधानमंत्री मोदी को बधाई के लिए आपका आभार। इस साल फरवरी में भारत की अपनी यात्रा के सुखद पलों को सोच कर ही मुझे हर्ष की अनुभूति होती है। इस यात्रा के दौरान दोनों देशों ने अपनी रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने के लिए नए कदम उठाए थे।"
उन्होंने आगे कहा कि भारत और ब्राजील के बीच व्यापार, स्वास्थ्य और प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया था।
ब्राजील के राष्ट्रपति ने 2026 में ब्रिक्स की अध्यक्षता कर रहे भारत को बधाई देते हुए कहा कि भारत पिछले साल ब्राजील की अध्यक्षता के दौरान किए गए कार्यों को आगे बढ़ा रहा है।
उन्होंने अंत में भरोसा दिलाया, "ब्रिक्स और जी20 में भारत तथा ब्राजील साथ मिलकर बहुपक्षवाद की रक्षा करने, वैश्विक दक्षिण की आवाज को बुलंद करने और अधिक न्यायपूर्ण, समावेशी तथा शांतिपूर्ण अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था के निर्माण के लिए काम करते रहेंगे।"
राष्ट्रपति चुनाव में जीत के बाद पीएम मोदी ने लूला को अपना प्रिय मित्र बताते हुए ग्लोबल साउथ की आवाज को और बुलंद करने के साझा प्रयास पर जोर दिया था।
लूला को कुल वैध मतों का 51.79 फीसदी वोट जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी बोल्सोनारो को 48.21 फीसदी वोट मिले। पहले दौर के मतदान में वे फ्लावियो बोल्सोनारो से पीछे चल रहे थे, लेकिन दूसरे दौर में शानदार वापसी की। 1988 के बाद ब्राजील के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है कि पहले दौर में हारने वाला उम्मीदवार दूसरे दौर में जीता हो।
--आईएएनएस
केआर/
