'मेरा सपना सच हो गया,' तेजस्विन शंकर ने 'अर्जुन पुरस्कार' अपने परिवार और एथलेटिक्स समुदाय को समर्पित किया
नई दिल्ली, 17 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय डेकाथलीट तेजस्विन शंकर ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों 2025 का 'अर्जुन पुरस्कार' प्राप्त करने को 'सपना सच होने' जैसा पल बताया। उन्होंने यह सम्मान अपने परिवार और पूरे एथलेटिक्स समुदाय को समर्पित किया।
इस प्रतिष्ठित पुरस्कार को प्राप्त करने के बाद 'स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया' (साई) से बातचीत में तेजस्विन ने कहा कि ऐसे मौके जीवन में केवल एक या दो बार ही आते हैं और वे खुद को भाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें यह सम्मान मिला।
उन्होंने कहा, "अर्जुन पुरस्कार पाकर मैं खुद को सम्मानित और सौभाग्यशाली महसूस कर रहा हूं। भारत के माननीय राष्ट्रपति के हाथों यह पुरस्कार मिलना मेरे लिए एक सपना सच होने जैसा है, क्योंकि ऐसे मौके जीवन में केवल एक या दो बार ही आते हैं।"
शंकर, जो एक 'टॉप्स' एथलीट भी हैं और जिन्हें उनके प्रशिक्षण तथा सपोर्ट स्टाफ के लिए नियमित रूप से आर्थिक मदद मिलती रही है, उन्होंने इस सम्मान को पाने के लिए की गई अपनी कड़ी मेहनत को याद किया। साथ ही, उन्होंने अपने परिवार के त्याग को श्रेय देते हुए यह पुरस्कार उन्हें समर्पित किया।
उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि मैं सबसे पहले यह पुरस्कार खुद को समर्पित करना चाहूंगा, क्योंकि यहां तक पहुंचने के लिए मैंने कड़ी मेहनत और समर्पण दिखाया है। लेकिन, मुझे लगता है कि सबसे बड़ा त्याग मेरे परिवार ने किया है—खासकर समय के मामले में। वे मेरे साथ बहुत कम समय बिता पाए क्योंकि मैं अक्सर बाहर रहता हूं, यात्रा करता हूं और प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेता हूं। इसलिए, मैं निश्चित रूप से यह पुरस्कार अपनी माँ और अपने पूरे परिवार को समर्पित करना चाहता हूं।"
उन्होंने आगे कहा कि एथलेटिक्स में सफलता कभी भी किसी एक व्यक्ति की मेहनत का नतीजा नहीं होती। उन्होंने कहा, "मैं यह अवॉर्ड एथलेटिक्स जगत को समर्पित करना चाहता हूं, क्योंकि यह कभी भी किसी एक इंसान का काम नहीं होता। जो भी व्यक्ति कोई बड़ी उपलब्धि हासिल करता है, उसके पीछे हमेशा कई लोगों का योगदान होता है। इसलिए, मैं उन सभी लोगों का आभारी हूं और यह अवॉर्ड उन्हें ही समर्पित करना चाहता हूं।"
इसके बाद तेजस्विन ने 2028 के लॉस एंजिल्स ओलंपिक और इस वैश्विक आयोजन के लिए क्वालीफाई करने की अपनी तैयारियों के बारे में बात की। उन्होंने कहा, "अमेरिका में लंबे समय तक रहने, मास्टर्स डिग्री पूरी करने, उच्च शिक्षा हासिल करने और कड़े मुकाबले वाले खेलों में हिस्सा लेने का मेरा पूरा मकसद एलए 2028 पर केंद्रित है। मेरा लक्ष्य वहां लंबे समय तक रहना है, ताकि मैं बेहतरीन एथलीट्स के बीच और कड़ी प्रतिस्पर्धा वाले माहौल में खुद को तैयार कर सकूं। इससे 2028 तक मेरे पास कोई बहाना बनाने की गुंजाइश नहीं रहेगी।"
आगामी सीजन के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, "मैं खुद को जल्द से जल्द उस स्थिति में लाना चाहता हूं। पिछले कुछ वर्षों से मैं यही करने की कोशिश कर रहा हूं। एलए 2028 में अभी एक साल का समय है, और मेरे इवेंट के लिए क्वालीफिकेशन कट-ऑफ अगले कुछ महीनों में शुरू हो जाएगा। यानी मेरे लिए मौके की शुरुआत सचमुच दो महीने में होने वाली है, और मैं इसे लेकर काफी उत्साहित हूं।"
जब अश्विन से 2036 ओलंपिक की मेजबानी की दौड़ में भारत के शामिल होने के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने एथलेटिक्स में अपनी शुरुआत को याद किया। उन्होंने कहा कि इससे एथलीट्स की एक पूरी नई पीढ़ी को प्रेरणा मिल सकती है, ठीक वैसे ही जैसे 2010 में दिल्ली में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स ने उन्हें प्रेरित किया था।
उन्होंने कहा, "अगर भारत 2036 ओलंपिक की मेजबानी हासिल कर लेता है, तो यह एक बहुत बड़ा पल होगा; मुझे लगता है कि यह कई लोगों के लिए एक सपना सच होने जैसा होगा। मैंने खेलों की शुरुआत इसलिए की क्योंकि मैंने दिल्ली में 2010 कॉमनवेल्थ गेम्स देखे थे। मैंने टीवी पर कुछ एथलीट्स को देखा, फिर उन्हें लाइव देखा—वेटलिफ्टिंग और बैडमिंटन जैसे खेल देखे। साल 2010 में वे मेरे हीरो बन गए थे, जबकि उस समय मुझे कॉमनवेल्थ गेम्स या ओलंपिक गेम्स के बारे में कुछ भी नहीं पता था। इसके बाद 2012 में मैंने पहली बार लंदन ओलंपिक गेम्स देखे। अगर भारत 2036 ओलंपिक गेम्स की मेजबानी करता है, तो यह 'तेजस्विन' जैसे कई युवाओं के लिए एक शानदार मौका होगा, जो उस समय 10, 12 या 13 साल के होंगे। इसलिए, मुझे लगता है कि अगर ऐसा मौका मिलता है, तो यह बहुत ही बेहतरीन होगा।"
--आईएएनएस
आरएसजी
