Aapka Rajasthan

मेंटल हेल्थ के लिए जरूरी हैं ये पोषक तत्व, दिमाग को बनाएं मजबूत और खुशहाल

नई दिल्ली, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। आज की तेज और दबाव भरी जिंदगी में मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। लंबे समय तक काम का तनाव, नींद की कमी, अनियमित खान-पान और लगातार डिजिटल स्क्रीन पर काम करते रहने से दिमाग पर असर पड़ता है। इससे मूड बदलना, थकान महसूस होना, चिंता और डिप्रेशन जैसी समस्याएं सामने आ सकती हैं।
 
मेंटल हेल्थ के लिए जरूरी हैं ये पोषक तत्व, दिमाग को बनाएं मजबूत और खुशहाल

नई दिल्ली, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। आज की तेज और दबाव भरी जिंदगी में मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। लंबे समय तक काम का तनाव, नींद की कमी, अनियमित खान-पान और लगातार डिजिटल स्क्रीन पर काम करते रहने से दिमाग पर असर पड़ता है। इससे मूड बदलना, थकान महसूस होना, चिंता और डिप्रेशन जैसी समस्याएं सामने आ सकती हैं।

मेडिकल रिसर्च बताती है कि कुछ खास पोषक तत्वों का नियमित सेवन मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में मदद कर सकता है। सही मात्रा में विटामिन्स और मिनरल्स लेने से दिमाग की कार्यक्षमता बढ़ती है।

विटामिन बी12 की बात करें, तो यह न्यूरोलॉजिकल हेल्थ के लिए बेहद जरूरी है। यह हमारे दिमाग और नर्वस सिस्टम को सही ढंग से काम करने में मदद करता है। अगर शरीर में इसकी कमी हो जाती है तो व्यक्ति अक्सर थका हुआ महसूस करता है, ध्यान केंद्रित करने में मुश्किल होती है और लंबे समय में डिप्रेशन की समस्या भी उभर सकती है। इस विटामिन को मांस, मछली, अंडे और डेयरी प्रोडक्ट्स के जरिए प्राप्त किया जा सकता है।

विटामिन-डी भी मानसिक स्वास्थ्य के लिए जरूरी है। यह सूरज की रोशनी से प्राकृतिक रूप में शरीर में बनता है। विटामिन-डी की कमी से मूड में उतार-चढ़ाव, उदासी और डिप्रेशन जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। रिसर्च से पता चला है कि जिन लोगों में विटामिन-डी का स्तर संतुलित रहता है, उनमें स्ट्रेस कम और मूड स्थिर रहता है। दूध, दही, अंडे और धूप में थोड़ा समय बिताना इसके अच्छे स्रोत हैं।

दिमाग के लिए फोलेट या विटामिन बी9 भी अहम है। फोलेट हमारे न्यूरोट्रांसमीटर को बनाए रखने में मदद करता है, जिससे दिमाग सही तरीके से सिग्नल भेजता और रिसीव करता है। इसकी कमी से भी डिप्रेशन और मानसिक थकान की समस्या बढ़ सकती है। हरी पत्तेदार सब्जियां, अंकुरित अनाज और दालें फोलेट का अच्छा स्रोत हैं।

तनाव और इम्यूनिटी से जुड़ी समस्याओं से बचने के लिए विटामिन-सी का सेवन फायदेमंद होता है। यह एंटीऑक्सीडेंट की तरह काम करता है और शरीर को स्ट्रेस के हानिकारक प्रभाव से बचाता है। संतरे, नींबू, अमरूद और हरी शिमला मिर्च विटामिन-सी से भरपूर होते हैं।

दिमाग की कोशिकाओं की सुरक्षा और मानसिक थकान कम करने के लिए विटामिन-ई का महत्व भी कम नहीं है। यह फ्री रेडिकल्स से न्यूरॉन्स को नुकसान पहुंचने से रोकता है और दिमाग को सक्रिय बनाए रखता है। बादाम, मूंगफली, पालक और सूरजमुखी के बीज इसके अच्छे स्रोत हैं।

साथ ही, मैग्नीशियम का सेवन भी मानसिक स्वास्थ्य के लिए जरूरी है। यह मांसपेशियों और दिमाग को रिलैक्स करने में मदद करता है। पर्याप्त मैग्नीशियम लेने से स्ट्रेस और एंग्जायटी नियंत्रित रहती है, नींद बेहतर आती है और मूड स्थिर रहता है। यह नट्स, बीन्स, हरी पत्तेदार सब्जियाँ और साबुत अनाज में पाया जाता है।

--आईएएनएस

पीके/एएस