मेरठ मेडिकल कॉलेज में संविधान गौरव दिवस पर सांसद अरुण गोविल ने युवाओं से किया संवाद
मेरठ, 28 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में लाला लाजपत राय स्मारक राजकीय मेडिकल कॉलेज में शनिवार को संविधान गौरव दिवस के अवसर पर युवा संवाद-26 कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मेरठ के सांसद अरुण गोविल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राओं से संवाद किया और उन्हें संविधान के महत्व, मौलिक अधिकारों तथा नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान एक विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई। इसमें कांग्रेस शासनकाल के दौरान संविधान से जुड़े विभिन्न घटनाक्रमों और फैसलों को प्रदर्शित किया गया। इसके साथ ही वर्तमान सरकार की ओर से संविधान के संरक्षण और उसके प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए किए गए प्रयासों को भी प्रदर्शनी के माध्यम से प्रस्तुत किया गया।
सांसद अरुण गोविल ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि संविधान दिवस 26 नवंबर को मनाया जाता है। इसी उपलक्ष्य में मेडिकल कॉलेज में संविधान गौरव दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को संविधान के इतिहास और उससे जुड़े महत्वपूर्ण घटनाक्रमों की जानकारी देना है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को यह जानना चाहिए कि अतीत में संविधान के साथ किस तरह के घटनाक्रम हुए। कांग्रेस शासनकाल में क्या-क्या फैसले लिए गए, संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर का किस तरह अपमान हुआ और किन परिस्थितियों में उन्हें मंत्रिमंडल छोड़ना पड़ा। इसके अलावा देश में आपातकाल लगाए जाने जैसी घटनाओं की जानकारी भी आज की युवा पीढ़ी को होनी चाहिए।
अरुण गोविल ने कहा कि संविधान केवल अधिकारों की जानकारी नहीं देता, बल्कि नागरिकों को उनके कर्तव्यों का भी बोध कराता है। हमें समझना चाहिए कि संविधान से हमें क्या अधिकार मिलते हैं और सामाजिक उत्थान के लिए उनका किस तरह उपयोग किया जा सकता है। प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहना चाहिए।
इस दौरान सांसद ने परिसीमन विधेयक और आगामी चुनावों को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि परिसीमन विधेयक निश्चित रूप से पारित होगा। चुनाव के समय राजनीतिक गठबंधन बनना सामान्य प्रक्रिया है। नए-नए गठबंधन बन रहे हैं, ऐसे में उनका आनंद लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी चुनाव को लेकर बेहद गंभीर रहती है और पूरी तैयारी के साथ चुनाव मैदान में उतरती है। भाजपा का ट्रैक रिकॉर्ड रहा है कि जब भी पार्टी पूरी गंभीरता और मजबूती के साथ चुनाव लड़ती है तो उसे बहुमत मिलता है।
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को संविधान के ऐतिहासिक महत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक जिम्मेदारियों से परिचित कराने का प्रयास किया गया। सांसद अरुण गोविल ने युवाओं से संविधान को समझने और उसके मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
--आईएएनएस
एसएके/डीकेपी
