मेरठ हत्याकांड में फैसले के बाद केतन अग्रवाल के पिता को न्याय की उम्मीद, बोले- 'कातिलों को हो फांसी की सजा'
पुणे, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। मेरठ के सौरभ राजपूत व अमित कश्यप हत्याकांड में फैसले के बाद पुणे के व्यवसायी केतन अग्रवाल के पिता ने बेटे की हत्या के मामले में न्याय की उम्मीद जताई है। उन्होंने मेरठ के मामलों की तर्ज तक केतन की हत्या के मामले में आरोपी मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी के लिए फांसी की सजा मांगी है।
केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने मेरठ हत्याकांड में आए फैसलों पर समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए खुशी जताई। उन्होंने न्याय प्रणाली, राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर अपना पूर्ण विश्वास व्यक्त किया।
केतन के पिता ने मामले में तेजी से कार्रवाई करने के लिए पुलिस विभाग, मेरठ न्यायपालिका और सरकारी वकीलों की भी सराहना की। उन्होंने हाल ही में आए अदालती फैसलों का जिक्र करते हुए कहा कि न्यायमूर्तियों की ओर से दिए गए त्वरित और ऐतिहासिक फैसले समाज में एक मिसाल पेश करते हैं। इससे लोगों का न्याय व्यवस्था पर विश्वास और मजबूत होता है।
अपने बेटे केतन के हत्या को लेकर उन्होंने उम्मीद जताई है कि मुझे न्यायपालिका, विशेष अभियोजक उज्ज्वल निकम और ग्रामीण पुलिस पर पूरा भरोसा है कि वे मेरे दिवंगत बेटे केतन को न्याय दिलाएंगे और कातिलों को फांसी के फंदे तक पहुंचाएंगे।
उन्होंने आईएएनएस से बात करते हुए 18 जून को हुए केतन हत्याकांड में उज्ज्वल निकम को विशेष लोक अभियोजक नियुक्त किए जाने और मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने के फैसले पर राज्य सरकार का भी धन्यवाद किया।
विशाल अग्रवाल ने बताया, "18 जून को जब मेरे बेटे की हत्या हुई, उसके बाद से ही ग्रामीण पुलिस आयुक्तालय ने हमारा पूरा सहयोग किया है। इंसाफ के लिए लड़ने की जितनी जरूरत थी, उसके लिए जांच की। पुलिस ने मामले की गहन और निष्पक्ष जांच की। इसके बाद मैंने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर निवेदन किया था कि इस केस में उज्ज्वल निकम को स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर नियुक्त किया जाए और केस की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में की जाए। मुख्यमंत्री जी ने मेरी दोनों मांगों को तुरंत स्वीकार कर लिया।"
केस में चार्जशीट (आरोप पत्र) दाखिल होने के बाद की प्रक्रिया पर बात करते हुए विशाल अग्रवाल ने कहा कि बैकग्राउंड में काम लगातार चल रहा था। उन्होंने बताया, "दो दिन पहले मैं फिर से मुख्यमंत्री जी से मिला था। उन्होंने मुझे आश्वासन दिया था कि दो दिनों के भीतर जरूरी आदेश जारी कर दिए जाएंगे।"
बयान के दौरान भावुक हुए विशाल अग्रवाल ने हाथ जोड़कर मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा, "मैं मुख्यमंत्री का दिल से शुक्रिया अदा करता हूं कि उन्होंने दो दिनों के भीतर उज्ज्वल निकम की नियुक्ति कर दी और फास्ट ट्रैक कोर्ट में केस चलाने का भरोसा दिया। मेरे बच्चे को इंसाफ दिलाने के लिए उन्होंने आगे बढ़कर जो मदद की है, उस उपकार को मैं कभी नहीं भूल सकता।"
--आईएएनएस
डीसीएच/
