Aapka Rajasthan

मेरठ: ‘अग्नि-5 मिसाइल‘ की कांवड़ ने बढ़ाया सावन का जोश, ‘हर हर महादेव’ के साथ गूंजे ‘भारत माता की जय’ के नारे

मेरठ, 8 अगस्त (आईएएनएस)। सावन की कांवड़ यात्रा में इस बार भक्ति के साथ देशभक्ति का रंग भी खूब दिखाई दे रहा है। हरिद्वार से दिल्ली के पालम की ओर बढ़ रही अग्नि-5 मिसाइल की थीम पर तैयार भव्य कांवड़ इन दिनों कांवड़ मार्ग पर आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है।
 

मेरठ, 8 अगस्त (आईएएनएस)। सावन की कांवड़ यात्रा में इस बार भक्ति के साथ देशभक्ति का रंग भी खूब दिखाई दे रहा है। हरिद्वार से दिल्ली के पालम की ओर बढ़ रही अग्नि-5 मिसाइल की थीम पर तैयार भव्य कांवड़ इन दिनों कांवड़ मार्ग पर आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है।

रोशनी से जगमगाती इस कांवड़ को देखने के लिए रास्ते में लोगों की भीड़ जुट रही है। कोई इसकी तस्वीर अपने मोबाइल में कैद कर रहा है तो कोई वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर रहा है। अग्नि-5 मिसाइल, परमाणु प्रतीक और सैन्य उपकरणों के मॉडल से सजी इस कांवड़ को दिल्ली के पालम क्षेत्र के करीब 25 से 30 शिवभक्तों का दल लेकर चल रहा है।

कांवड़ यात्रा में शामिल युवाओं ने अपनी इस प्रस्तुति को भारतीय सेना के शौर्य और देश की रक्षा में जुटे जवानों को समर्पित किया है। कांवड़ दल के सदस्य राजवीर ने बताया कि इस बार उनकी टोली ने सेना की ताकत और जवानों के सम्मान को ध्यान में रखते हुए अग्नि-5 मिसाइल की थीम पर कांवड़ तैयार की है।

राजवीर ने कहा कि इसका उद्देश्य देश की सुरक्षा में तैनात सैनिकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करना है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी उनकी टोली ने ब्रह्मोस मिसाइल की थीम पर कांवड़ निकाली थी। इस बार अग्नि-5 को केंद्र में रखा गया है। इस कांवड़ की खासियत केवल इसका सैन्य मॉडल ही नहीं, बल्कि इसकी आकर्षक सजावट भी है। रंग-बिरंगी एलईडी लाइटों से सजी कांवड़ रात के समय दूर से ही लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचती है। कांवड़िए आगे बढ़ते हैं तो रोशनी से जगमगाती यह विशाल प्रस्तुति कांवड़ मार्ग पर अलग ही नजारा पैदा करती है।

शिवभक्त ‘हर हर महादेव’ के जयकारों के साथ देशभक्ति के गीतों पर भी झूमते हुए आगे बढ़ रहे हैं। रास्ते में खड़े लोग इस अनूठी कांवड़ को देखने के लिए रुक रहे हैं और मोबाइल फोन से तस्वीरें और वीडियो बना रहे हैं।

दल के सदस्य दीपांशु के मुताबिक, कांवड़ में अग्नि-5 मिसाइल के साथ 51 गोलों की प्रतिकृतियां और कई अन्य सैन्य प्रतीकों को भी सजाया गया है। उनका कहना है कि देश आज हर क्षेत्र में अपनी क्षमता का प्रदर्शन कर रहा है और युवाओं को सेना के गौरव तथा जवानों के योगदान से परिचित कराने के उद्देश्य से यह थीम चुनी गई है।

उन्होंने कहा कि उनके दल में करीब 25 से 30 शिवभक्त हैं और सभी इस विशेष कांवड़ को हरिद्वार से लेकर पालम की ओर जा रहे हैं। कांवड़ मार्ग पर धार्मिक और सामाजिक संदेशों के साथ-साथ राष्ट्रीय भावना से जुड़ी प्रस्तुतियां भी लोगों को आकर्षित कर रही हैं। अग्नि-5 थीम वाली कांवड़ में सैन्य प्रतीकों के साथ देशभक्ति का संदेश दिखाई दे रहा है। रास्ते में जगह-जगह स्थानीय लोग और श्रद्धालु इसे देखने के लिए जुट रहे हैं।

कांवड़ियों का कहना है कि शिवभक्ति और राष्ट्रभक्ति को एक साथ लेकर चलने का यह उनका प्रयास है। यही वजह है कि यात्रा के दौरान यह कांवड़ लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।

इसी कांवड़ यात्रा में दिल्ली के तिगरी निवासी अभिषेक भी भारत माता की थीम पर तैयार कांवड़ लेकर चल रहे हैं। उनकी कांवड़ पर भारत माता की प्रतिमा के साथ भारत का नक्शा और दोनों ओर तिरंगे लगाए गए हैं।

अभिषेक ने कहा कि उनके लिए राष्ट्र सर्वोपरि है और इसी भावना के साथ उन्होंने भारत माता की कांवड़ तैयार की है। उनकी डीजे कांवड़ में ‘यह देश है वीर जवानों का’, ‘मेरे देश की मिट्टी सोना उगले’, ‘ऐ वतन-ऐ वतन’ और ‘कर चले हम फिदा’ जैसे देशभक्ति गीत बज रहे हैं। कांवड़ मार्ग पर एक ओर ‘हर हर महादेव’ के जयकारे और दूसरी ओर देशभक्ति के गीतों की गूंज सावन की इस यात्रा को अलग रंग दे रही है। आस्था और राष्ट्रभक्ति के इस संगम ने इस बार की कांवड़ यात्रा में अनूठी थीम वाली कांवड़ों को खास आकर्षण बना दिया है।

--आईएएनएस

विकेटी/डीकेपी