मीनाक्षी अम्मन मंदिर के महाकुंभाभिषेकम पर सीएम विजय ने दी शुभकामनाएं, बोले- तमिल संस्कृति की दिव्य पहचान दुनिया तक पहुंचे
चेन्नई, 16 सितंबर (आईएएनएस)। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने मदुरै स्थित ऐतिहासिक अरुलमिगु मीनाक्षी सुंदरेश्वरर मंदिर के महाकुंभाभिषेकम (महाअभिषेक एवं पुनर्प्राण प्रतिष्ठा) के अवसर पर आम लोगों और श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि 17 वर्षों बाद आयोजित हो रहा यह भव्य धार्मिक आयोजन तमिलों की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और स्थापत्य विरासत की महानता का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री विजय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि उन्हें बेहद खुशी है कि सदियों से तमिलों की आध्यात्मिकता, कला, संस्कृति, वास्तुकला और शिल्पकला की गौरवगाथा सुनाने वाले मीनाक्षी सुंदरेश्वरर मंदिर का कुंभाभिषेकम महोत्सव इतने भव्य रूप में आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यह शुभ अवसर तमिल संस्कृति की दिव्य पहचान को पूरी दुनिया तक पहुंचाने और हमारी भूमि की आध्यात्मिक एवं ऐतिहासिक विरासत की महिमा को उजागर करने वाला है। उन्होंने कामना की कि भगवान की कृपा सभी लोगों के जीवन में स्वास्थ्य, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए।
मुख्यमंत्री ने लोगों से प्राचीन मंदिरों और उनकी ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित रखने तथा उनकी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महिमा को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का आह्वान भी किया।
इस बीच, गुरुवार को होने वाले महाकुंभाभिषेकम के लिए मदुरै में व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए तमिलनाडु सरकार ने मदुरै जिले में स्थानीय अवकाश घोषित किया है।
जिला प्रशासन, मदुरै नगर निगम, मंदिर प्रशासन और पुलिस ने दर्शन, यातायात, सुरक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाओं और भीड़ प्रबंधन के लिए संयुक्त रूप से विशेष इंतजाम किए हैं। रंग-कोड वाले पास के आधार पर श्रद्धालुओं के प्रवेश के लिए सात अलग-अलग मार्ग बनाए गए हैं और प्रमुख स्थानों पर बैरिकेडिंग व दिशा-सूचक बोर्ड लगाए गए हैं।
पुथु मंडपम में स्थापित एकीकृत कंट्रोल रूम से मंदिर और आसपास के क्षेत्रों की निगरानी एलईडी स्क्रीन के जरिए की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 241 नए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जबकि 70 स्थानों पर फेस रिकग्निशन कैमरे भी स्थापित किए गए हैं।
--आईएएनएस
डीएससी
