मयंक यादव के साथ गेंदबाजी करते हुए अच्छा लगता है: सिमरजीत सिंह
नई दिल्ली, 22 अगस्त (आईएएनएस)। मयंक यादव को भारतीय तेज गेंदबाजी का भविष्य माना जाता है। मयंक फिलहाल दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) में ईस्ट दिल्ली राइडर्स की तरफ से खेल रहे हैं। टीम के कप्तान सिमरजीत सिंह ने मयंक की तारीफ की है।
सिमरजीत ने मयंक यादव की तारीफ करते हुए कहा कि वह मैदान पर और मैदान के बाहर टीम के लिए अहमियत रखते हैं।
सिमरजीत ने कहा, "मेरे हिसाब से, मयंक भारत के सबसे तेज गेंदबाज हैं। यह देखना बहुत अच्छा लगता है कि वह दिल्ली क्रिकेट में कितने शामिल हैं। वह मजे करते हैं। भारतीय राष्ट्रीय टीम के साथ अपने समय की कहानियां साझा करते हैं। जूनियर खिलाड़ियों को बहुत प्रेरणा देते हैं। मुझे उनके साथ गेंदबाजी करने में बहुत मजा आता है।"
दबाव वाले में मैचों में साथ गेंदबाजी करने और संतुलन बनाने से जुड़े सवाल पर सिमरजीत ने कहा, "हम मैच के दौरान लगातार बात करते हैं कि किसी खास समय पर किसे पुश करना चाहिए और दोनों तरफ से सबसे अच्छे विकल्प क्या हैं। अगर मैं गेंदबाजी कर रहा हूं, तो हम चर्चा करते हैं कि मयंक का रोल क्या होना चाहिए, और इसका उल्टा भी। हम गेम को अपने नियंत्रण में रखने के लिए मैच की स्थिति पर करीब से नजर रखते हैं।"
टीम के प्रदर्शन पर सिमरजीत ने कहा, "हमने बस एक खिलाड़ी के तौर पर अपना श्रेष्ठ देने और एक मजबूत मानसिकता के साथ लौटने की कोशिश की। हर मैच को बहुत ज्यादा दबाव में लेने या इस बात की चिंता करने के बजाय कि हम टूर्नामेंट में हैं या बाहर, हमने अच्छा क्रिकेट खेलने और कोचिंग स्टाफ, प्रबंधन और फैंस को यह दिखाने पर फोकस किया कि हम क्या कर सकते हैं।"
उन्होंने कहा, "हम दूसरी टीमों के बारे में नहीं सोच रहे हैं। हम अपने खेल पर ध्यान दे रहे हैं और क्रिकेटर के तौर पर भविष्य के लिए सीख रहे हैं। घरेलू और राज्य क्रिकेट आने वाला है, इसलिए हम यह पक्का करना चाहते हैं कि हम पहले की गई गलतियों को न दोहराएं। अब लक्ष्य अकेले अच्छा प्रदर्शन करना और एक टीम के तौर पर टूर्नामेंट को मजबूती से खत्म करना है।"
--आईएएनएस
पीएके
