मऊ-बलिया राष्ट्रीय राजमार्ग 128बी के 55.57 किलोमीटर लंबे फोरलेन चौड़ीकरण परियोजना को मंजूरी
लखनऊ, 7 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मऊ-बलिया राष्ट्रीय राजमार्ग-128बी के 55.57 किलोमीटर लंबे फोरलेन चौड़ीकरण परियोजना को स्वीकृति मिल गई है। पूर्वांचल की बहुप्रतीक्षित इस परियोजना को क्षेत्रीय विकास के लिए मील का पत्थर माना जा रहा है।
मंजूरी मिलने के तुरंत बाद मंत्री ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को पत्र लिखकर टेंडर प्रक्रिया और निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की है। इसे पूर्वांचल के बुनियादी ढांचे और आर्थिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। परियोजना की स्वीकृति के बाद मंत्री एके शर्मा ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अध्यक्ष को पत्र भेजकर टेंडर प्रक्रिया और निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ कराने का अनुरोध किया।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना को लेकर पूर्व में भी लगातार पत्राचार और उच्चस्तरीय स्तर पर संवाद किया जाता रहा है। क्षेत्र की जनता लंबे समय से इस राजमार्ग के चौड़ीकरण की मांग कर रही थी। मंत्री एके शर्मा ने कहा कि मऊ-बलिया फोरलेन केवल सड़क निर्माण परियोजना नहीं है, बल्कि यह पूर्वांचल के आर्थिक, सामाजिक और औद्योगिक विकास का मजबूत आधार बनेगी। इसके निर्माण से यातायात व्यवस्था अधिक सुगम होगी, यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी आएगी और सड़क सुरक्षा के मानकों में भी सुधार होगा।
उन्होंने बताया कि परियोजना के तहत कई रेलवे ओवरब्रिजों का निर्माण भी प्रस्तावित है, जिससे आवागमन में आने वाली बाधाएं दूर होंगी और लोगों को निर्बाध परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। इससे व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी, निवेश की संभावनाएं बढ़ेंगी और किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों सहित आम नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होगा।
एके शर्मा ने विश्वास व्यक्त किया कि परियोजना के पूर्ण होने के बाद मऊ, बलिया और आसपास के जनपदों में आर्थिक गतिविधियों को नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह फोरलेन पूर्वांचल की अर्थव्यवस्था के लिए नए ग्रोथ कॉरिडोर के रूप में विकसित होगा और क्षेत्र के समग्र विकास का नया अध्याय लिखेगा।
मंत्री ने एनएचएआई से जन आकांक्षाओं को ध्यान में रखते हुए परियोजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने का आग्रह किया है, ताकि क्षेत्र की जनता को जल्द से जल्द इस महत्वपूर्ण आधारभूत सुविधा का लाभ मिल सके।
--आईएएनएस
विकेटी/डीकेपी
