मथुरा में साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, 23 एटीएम कार्ड के साथ आरोपी गिरफ्तार
मथुरा, 16 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मथुरा में कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने साइबर ठगी के एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से 1.25 लाख रुपए नकद, विभिन्न बैंकों के 23 एटीएम कार्ड, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर बुधवार देर रात करीब 11:05 बजे बीएसएस पुलिया के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपी की पहचान जसमीर सिंह (33) पुत्र जंगीर सिंह निवासी कुरकैन, थाना नगर, जिला डींग (राजस्थान) के रूप में हुई है। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पूछताछ में आरोपी ने साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे किए हैं। पुलिस के मुताबिक, जसमीर सिंह अपने दो साथी हारिस और जाहुल के साथ मिलकर साइबर ठगी के इस नेटवर्क में सक्रिय था। दोनों साथी लोगों से ठगी कर रकम को विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर करवाते थे और फिर व्हाट्सएप कॉल के जरिए जसमीर को निर्देश देते थे कि किस एटीएम कार्ड से कितनी राशि निकालनी है।
आरोपी एटीएम से रकम निकालकर अपना कमीशन रखता था और बाकी राशि अपने साथियों तक पहुंचाता था। उसने स्वीकार किया कि बरामद 1.25 लाख रुपए की रकम गिरफ्तारी वाले दिन ही बैंक ऑफ महाराष्ट्र के एटीएम से चार अलग-अलग एटीएम कार्डों का उपयोग कर निकाली गई थी।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1.25 लाख रुपए नकद, 23 एटीएम कार्ड, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। जांच एजेंसियां अब इन एटीएम कार्डों और बैंक खातों के जरिए पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपी हारिस और जाहुल की तलाश की जा रही है। साइबर सेल और स्थानीय पुलिस की टीमें उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं। गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के बाद साइबर ठगी के इस नेटवर्क से जुड़े और भी अहम खुलासे हो सकते हैं।
--आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी
