Aapka Rajasthan

मथुरा में लावारिस पशुओं को लेकर विशेष अभियान, गौ संरक्षण केंद्रों में होगी शिफ्टिंग: संदीप सिंह

मथुरा, 4 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने बताया कि राज्य सरकार ने लावारिस पशुओं को पकड़कर उन्हें गौ संरक्षण केंद्रों में भेजने के लिए एक विशेष अभियान शुरू किया है। इस अभियान का मकसद सड़क हादसों को कम करना और किसानों की फसलों को होने वाले नुकसान से बचाना है। इसके लिए जिला, ब्लॉक और तहसील स्तर के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है ताकि काम तेजी से और सही तरीके से पूरा हो सके।
 
मथुरा में लावारिस पशुओं को लेकर विशेष अभियान, गौ संरक्षण केंद्रों में होगी शिफ्टिंग: संदीप सिंह

मथुरा, 4 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने बताया कि राज्य सरकार ने लावारिस पशुओं को पकड़कर उन्हें गौ संरक्षण केंद्रों में भेजने के लिए एक विशेष अभियान शुरू किया है। इस अभियान का मकसद सड़क हादसों को कम करना और किसानों की फसलों को होने वाले नुकसान से बचाना है। इसके लिए जिला, ब्लॉक और तहसील स्तर के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है ताकि काम तेजी से और सही तरीके से पूरा हो सके।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि जो लावारिस पशु सड़कों पर घूमते रहते हैं, उनसे आम लोगों को परेशानी न हो और यातायात भी सुरक्षित रहे। इस अभियान के तहत पूरे प्रदेश में पशुओं को चिन्हित कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाएगा। संदीप सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुसार हर स्तर पर काम किया जा रहा है और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इसके साथ ही उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने के अवसर पर पूरे देश और प्रदेश में बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में सरकार की योजनाओं की प्रदर्शनी, जन जागरूकता अभियान और जनप्रतिनिधियों के संवाद कार्यक्रम शामिल हैं। 5 जून से 21 जून तक यह विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिसकी शुरुआत 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान से होगी। इस दौरान प्रदेश भर में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण किया जाएगा।

मथुरा जनपद में भी इसकी पूरी रूपरेखा तैयार कर ली गई है। यहां अलग-अलग दिनों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही सरकार की योजनाओं की समीक्षा भी की जाएगी ताकि यह देखा जा सके कि आम जनता तक योजनाओं का लाभ सही तरीके से पहुंच रहा है या नहीं। मंत्री ने कहा कि जहां कमियां पाई जाएंगी, वहां तुरंत सुधार के निर्देश दिए जाएंगे।

उन्होंने यह भी बताया कि बिजली व्यवस्था को लेकर कई शिकायतें मिल रही हैं। मौसम खराब होने की वजह से कई जगहों पर बिजली लाइन और ट्रांसफार्मर प्रभावित हुए हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जल्द से जल्द मरम्मत कर बिजली आपूर्ति सामान्य की जाए ताकि लोगों को गर्मी में परेशानी न हो। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि अगर किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कृषि, मंडी व्यवस्था और किसानों से जुड़ी योजनाओं की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने कहा कि किसानों को किसी भी तरह की दिक्कत न हो, इसके लिए हर विभाग को सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार का लक्ष्य है कि सभी योजनाओं का लाभ सीधे और पारदर्शी तरीके से जनता तक पहुंचे।

इसके अलावा अवैध निर्माण और मानकों के बिना बनाए जा रहे होटलों और गेस्ट हाउसों पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने कहा कि हर निर्माण कार्य को तय मानकों के अनुसार ही मंजूरी दी जाएगी और अगर कहीं नियमों का उल्लंघन पाया गया तो कार्रवाई की जाएगी।

मथुरा में बढ़ते धार्मिक पर्यटन को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मंत्री ने बताया कि कई बार अनुमान से अधिक श्रद्धालु पहुंच जाते हैं, जिससे जाम की स्थिति बन जाती है। इस समस्या के समाधान के लिए सड़कों का सुधार, वन-वे व्यवस्था और निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस प्रशासन को भी व्यवस्था मजबूत करने के लिए कहा गया है।

--आईएएनएस

पीआईएम/डीकेपी