Aapka Rajasthan

नोएडा: मारपीट और जान से मारने की धमकी के मामले में तीन वांछित आरोपी गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा, 27 अगस्त (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा के दनकौर थाना पुलिस ने मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में कार्रवाई करते हुए तीन वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
 

ग्रेटर नोएडा, 27 अगस्त (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा के दनकौर थाना पुलिस ने मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में कार्रवाई करते हुए तीन वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपियों को ग्राम अच्छेजा बुजुर्ग से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नासिर उर्फ सोनू, कासिम और अब्दुल माजिद के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक तीनों आरोपी गाजियाबाद के भोजपुर थाना क्षेत्र स्थित ग्राम तोड़ी के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, मामले की शुरुआत 24 अगस्त 2026 को हुई थी। ग्राम अच्छेजा बुजुर्ग निवासी तीन युवक आरिफ पुत्र जामर अली, इरफान पुत्र जमशेद अली और नदीम पुत्र शमशाद अली कार से अच्छेजा बुजुर्ग से दनकौर की ओर जा रहे थे।

इसी दौरान ग्राम डूंगरपुर रीलका के पास पीछे से आ रही महेन्द्रा थार कार ने उनकी कार में टक्कर मार दी। बताया गया है कि थार को नासिर उर्फ सोनू चला रहा था। आरोप है कि वाहन को तेज और लापरवाही से चलाते हुए उसने इरफान की कार में टक्कर मारी। टक्कर के बाद इरफान ने इसका विरोध किया। इसी बात को लेकर नासिर, कासिम और माजिद ने कथित तौर पर इरफान और नदीम के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।

आरोप है कि इस दौरान दोनों को जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना के संबंध में पीड़ित पक्ष की ओर से 26 अगस्त 2026 को थाना दनकौर में तहरीर दी गई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। मामले में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दनकौर पुलिस ने स्थानीय खुफिया तंत्र और बीट पुलिसिंग की मदद ली। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए ग्राम अच्छेजा बुजुर्ग से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में नासिर पुत्र आबिद, उम्र 30 वर्ष, कासिम पुत्र आबिद, उम्र 26 वर्ष और अब्दुल माजिद पुत्र इकबाल, उम्र 30 वर्ष शामिल हैं। तीनों ग्राम तोड़ी, थाना भोजपुर, जनपद गाजियाबाद के निवासी हैं। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में से नासिर और कासिम का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। नासिर के खिलाफ वर्ष 2019 में थाना फेस-2, गौतमबुद्धनगर में धारा 393 भारतीय दंड संहिता के तहत मुकदमा अपराध संख्या 46/19 दर्ज रहा है।

वहीं, कासिम के खिलाफ वर्ष 2020 में थाना भोजपुर, गाजियाबाद में धारा 323, 324, 504 और 506 भारतीय दंड संहिता के तहत मुकदमा अपराध संख्या 184/20 दर्ज हुआ था। दनकौर पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार किए गए तीनों अभियुक्त वर्तमान मामले में वांछित थे। पुलिस द्वारा उनके खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। घटना में शामिल अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।

--आईएएनएस

पीकेटी/डीएससी