'मराठी सिनेमा के लिए गर्व का पल'; ऑस्कर के लिए 'गोंधल' के नामित होने पर महाराष्ट्र सीएमओ
मुंबई, 18 सितंबर (आईएएनएस)। मराठी सिनेमा के लिए एक ऐतिहासिक पल सामने आया है। निर्देशक संतोष डावखर की मराठी फिल्म 'गोंधल' को ऑस्कर 2027 के लिए भारत की आधिकारिक एंट्री के तौर पर चुना गया है। फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया ने शुक्रवार को मुंबई में इसकी आधिकारिक घोषणा की। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इसे गर्व का पल बताया।
सीएमओ महाराष्ट्र के आधिकारिक 'एक्स' हैंडल पर पोस्ट करते हुए लिखा गया, "मराठी सिनेमा के लिए गर्व का पल! डायरेक्टर संतोष डावखर की मराठी फिल्म 'गोंधल' को ऑस्कर 2027 के लिए भारत की आधिकारिक एंट्री के तौर पर चुना गया है। फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया की सिलेक्शन कमिटी ने 33 फिल्मों में से 'गोंधल' को चुना। महाराष्ट्र की समृद्ध लोक परंपराओं और संस्कृति से जुड़ी यह फिल्म अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करेगी। 'गोंधल' की पूरी टीम को बहुत-बहुत बधाई! महाराष्ट्र की मिट्टी से जुड़ी यह कहानी वैश्विक स्तर पर नई ऊंचाइयां छुए - हमारी यही शुभकामना है!"
दरअसल, मराठी भाषा की फिल्म 'गोंधल' को 99वें एकेडमी अवॉर्ड्स के लिए बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में भारत का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला है। इस साल भारत की ओर से ऑस्कर एंट्री के लिए कुल 33 फिल्मों के बीच कड़ा मुकाबला था।
इस रेस में दिलजीत दोसांझ की 'मैं वापस आऊंगा', 'बॉर्डर 2', रणवीर सिंह की 'धुरंधर' फ्रेंचाइजी, 'डुग डुग', 'हक', 'भमरदो', '120 बहादुर', 'सिंग गीतम', 'तेरा मेरा नाता', 'लड्डू', 'ओह माय डॉग', 'बलान द बॉय', 'पेड्डी', 'इरुमुडी', 'खूंटा', 'गांधी टॉक्स', 'बाइसन कलामादन', 'शेप ऑफ मोमो', 'गवर्नर', '2020 दिल्ली', 'कमांडो विन लव स्टोरी', 'प्रवास' और 'इक्कीस' जैसी चर्चित फिल्में शामिल थीं। जूरी ने इन सभी को पछाड़ते हुए 'गोंधल' को चुना।
फिल्म में किशोर कदम, इशिता देशमुख, योगेश सोहोनी, निषाद भोईर और अनुज प्रभु अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म की कहानी महाराष्ट्र की पारंपरिक गोंधल रस्म की पृष्ठभूमि पर आधारित है। गोंधल एक रातभर चलने वाला लोक प्रदर्शन है, जिसमें संगीत, नृत्य और पौराणिक कथाओं का खास मेल दिखता है।
--आईएएनएस
एससीएच
