मराठी भाषा अनिवार्यता के विरोध में कांदिवली में रिक्शा चालकों की हड़ताल, मारपीट में 4 गिरफ्तार
मुंबई, 24 अगस्त (आईएएनएस)। महाराष्ट्र में टैक्सी और ऑटो रिक्शा चालकों के लिए मराठी भाषा अनिवार्य किए जाने के फैसले का विरोध तेज हो गया है। मुंबई के कांदिवली पश्चिम इलाके में इस फैसले के विरोध में रिक्शा चालकों ने हड़ताल की, जिसके बाद मारपीट की घटना सामने आई। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, महाराष्ट्र सरकार के निर्देश पर परिवहन आयुक्त ने टैक्सी और रिक्शा चालकों को बैज जारी करते समय और व्यवसाय करते समय मराठी भाषा का ज्ञान अनिवार्य करने का निर्णय लिया है। इसी निर्णय के विरोध में कांदिवली पश्चिम के लिंक रोड स्थित बृहन्मुंबई क्षेत्र में अचानक हड़ताल शुरू कर दी गई थी।
पुलिस प्रेस नोट के मुताबिक, इसी दौरान एमजी रोड, कांदिवली पश्चिम में कुछ रिक्शा चालकों ने कथित तौर पर अवैध तरीके से हड़ताल कर अन्य रिक्शा चालकों को ऑटो चलाने से रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान रिक्शा चालक प्रकाश बंडू शेणवल (52) के साथ मारपीट की गई।
शिकायत के बाद कांदिवली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम सुरेश रामजनम यादव, महेंद्र दयाराम यादव, अनिलकुमार संपत यादव और नूरूल इस्लाम दाउदअली अंसारी हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ कांदिवली पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है।
जांच के दौरान पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि हड़ताल के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है और किसी को भी जबरन दूसरों का काम रोकने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
इस घटना के बाद कांदिवली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि शासन के नियमों के अनुसार टैक्सी और रिक्शा सेवाएं सुचारू रूप से चलने दें। पुलिस ने कहा कि किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
--आईएएनएस
एससीएच/डीकेपी
