Aapka Rajasthan

ओम प्रकाश राजभर का अखिलेश यादव पर हमला, बोले-वोट बैंक खिसकने से याद आए आजम खान

बलिया, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने अखिलेश यादव की रामपुर जेल में सपा नेता आजम खान से प्रस्तावित मुलाकात को राजनीतिक फायदे से जोड़ा है।
 

बलिया, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने अखिलेश यादव की रामपुर जेल में सपा नेता आजम खान से प्रस्तावित मुलाकात को राजनीतिक फायदे से जोड़ा है।

ओम प्रकाश राजभर ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "यह चुनाव से जुड़ा एक वादा करने की कोशिश है। समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव की हरकतों की वजह से ही आजम खान इतने लंबे समय से जेल में हैं। जब अखिलेश यादव ने देखा कि उनका वोट बैंक खिसक रहा है, तो उन्होंने आजम खान के जरिए वोट मांगना शुरू कर दिया। वे चाहते हैं कि मुसलमान उनके साथ बने रहें और अपने अधिकारों की मांग किए बिना उनके लिए काम करते रहें। यही वजह है कि अखिलेश यादव आजम खान से मिलने जा रहे हैं।"

उन्होंने कहा, "अखिलेश यादव को यह एहसास हो गया है कि उनकी पार्टी सरकार नहीं बनाने जा रही है। योगी-मोदी की जोड़ी के सामने कोई नहीं टिक सकता। राज्य में हो रहे विकास कार्य सभी को दिख रहे हैं। आज आपने रसड़ा रामलीला का नजारा देखा ही होगा। पहली बार इतनी बड़ी संख्या में लोग अपने घरों से निकलकर मेले में आए हैं। मैंने पहले कभी इतनी भारी भीड़ नहीं देखी।"

महंगाई को लेकर अखिलेश यादव के बयान पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, "अखिलेश यादव को पता नहीं है कि पहले तो लोग कच्चे मकान में रहते थे, आज महंगाई है तो लोग पक्के मकान में रह रहे हैं। मोटरसाइकिल ले रहे हैं। पहले चूल्हे पर खाना बनता था, वहीं अब गैस पर बनता है।"

उन्होंने पंजाब विधानसभा के स्पीकर द्वारा पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह पर दिए गए बयान की भी निंदा की। राजभर ने कहा, "विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है, वे बेफिजूल की बयानबाजी करते रहते हैं। आज देश के सर्वोच्च कुर्सी पर बैठे पीएम मोदी और देश के गृहमंत्री अमित शाह को लेकर इस तरह का बयान देना बहुत ही निंदनीय है। स्पीकर की कुर्सी पर बैठे व्यक्ति को ऐसा बयान नहीं देना चाहिए। हम उसकी निंदा करते हैं।"

--आईएएनएस

एससीएच/वीसी