विगत एक महीने से जो हो रहा है, उसे हम पहले नाट्य मंचों से देखा करते थे: मंत्री मनोज पांडेय
लखनऊ, 30 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री मनोज पांडेय ने राम मंदिर के चढ़ावा मामले में हो रही राजनीतिक बयानबाजी पर अपनी बात रखी।
उन्होंने मंगलवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि विगत एक महीने से जो हो रहा है, उसे हम पहले नाट्य मंचों से देखा करते थे, लेकिन प्रभु राम की कृपा है कि नाट्य मंचों पर काम करने वाले लोगों को सदबुद्धि आ चुकी है। उन लोगों को सदबुद्धि आ चुकी है, जिन्होंने सर्वोच्च न्यायालय और उच्च न्यायालय में भगवान राम के मंदिर नहीं बनने के लिए पैरवी की थी। उन लोगों को सदबुद्धि आ चुकी है, जिन्होंने बाबरी मस्जिद के लिए धन एकत्रित करने का काम किया था। अब उन लोगों को भी सदबुद्धि आ चुकी है, जिन्होंने यह कहा था कि भगवान का कोई अस्तित्व नहीं था। आज ऐसे लोग भगवान राम के दर्शन की बात कर रहे हैं तो हास्यास्पद भी है।
उन्होंने कहा कि यह कहीं पर निगाहें और कहीं पर निशाने जैसी स्थिति बनी हुई है। प्रभु राम और सभी देवी देवताओं को पानी पीकर गाली देने वाले लोग अगर आज प्रभु राम की बात कर रहे हैं तो इसके पीछे की मंशा समझ आ रही है। चंदा चोरी का मामला सामने आया है। सरकार कठोरतम कार्रवाई कर रही है। आप देख रहे हैं कि जिन लोगों ने गड़बड़ी की है, उनकी सात पुस्तें भी याद रखेंगी, जिन आठ लोगों ने ऐसा किया है, वो अभी सलाखों के पीछे हैं। कुछ लोगों ने इस व्यवस्था को खराब करने का काम किया है, जिसे दूर करने का काम उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ कर रहे हैं।
मंत्री मनोज पांडेय ने कहा कि हम सभी दुखी हैं। हम ऐसे लोगों को सजा दिलाकर रहेंगे। बड़ा सवाल यह है कि जब सरकार चढ़ावा चोरी मामले में कार्रवाई कर रही है तो ऐसे लोग जिन्होंने हमेशा से ही भगवान राम का विरोध किया है, आज वो भगवान राम का दर्शन करने के लिए कैसे उतारू हो गए। आज ऐसे ही लोगों से मैं कहना चाहूता हूं कि उन्हें सामने आकर यह कहना चाहिए कि हम मथुरा वाले मामले में भी साथ हैं। हम चाहते हैं कि मथुरा में भी भगवान श्री कृष्ण का मंदिर बनना चाहिए। साहस हो, हिम्मत हो, तो आकर खड़े होकर कहें कि मथुरा में मंदिर बने, अगर ये ऐसा कहेंगे, तो ये लोग बेनकाब हो जाएंगे। मथुरा और काशी सनातन की धरोहर है। आज देश धर्म के रास्ते पर चल करके भारत के लोगों के विकास की बात कर रहा है। उनके सम्मान की बात कर रहा है। भारतीय सेना आज मजबूती के साथ भारत की सुरक्षा कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नेतृत्व में भारत मजबूती से उभरकर सामने आ रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हमारी अर्थव्यवस्था तीसरे पायदान पर आ चुकी है। आज तकनीक के मामले में भारत मजबूती के साथ खड़ा है। आज भारत का नौजवान इसरो से लेकर विज्ञान को नए आयाम पर पहुंचाने का काम कर रहा है।
उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने लंबे समय तक देश पर शासन किया और हमें पीछे करने का काम किया। लोगों का हक छीनने का काम किया। ऐसे लोगों को देश का विकास रास नहीं आ रहा है। आज की तारीख में उत्तर प्रदेश में रात को भी बेटियां बेखौफ होकर निकल रही हैं। ये बात कुछ लोगों को रास नहीं आ रही है। उन्हें माफिया चाहिए, जो हर विभाग से वसूली करे। यही कारण है कि ये लोग अर्नगल मुद्दे को उछालकर लोगों का ध्यान भ्रमित कर रहे हैं।
मंत्री ने कहा कि आज की तारीख में उत्तर प्रदेश के सीएम और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में समाज के अंतिम पंक्ति तक मौजूद व्यक्ति का विकास हो। पूरा भारत एकमुश्त होकर आगे बढ़ रहा है। इन लोगों को यही देश की जनता जवाब देगी।
--आईएएनएस
एसएचके/डीकेपी
