पंजाब के मंत्री आवासों में दिल्ली के नेताओं का कब्जा, राज्य के मंत्री बाहर रहने को मजबूर : सुखपाल खैरा
कपूरथला, 28 सितंबर (आईएएनएस)। चंडीगढ़ के पॉश सेक्टर-39 में स्थित पंजाब के मंत्री आवास इन दिनों सियासी रण का नया अखाड़ा बन गए हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक सुखपाल सिंह खैरा ने आम आदमी पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि पंजाब मंत्रिमंडल के लिए आरक्षित बंगलों पर दिल्ली से आए पार्टी नेताओं और उनके करीबी लोगों ने डेरा जमा लिया है, जबकि राज्य के चुने हुए मंत्री बाहर रहने को मजबूर हैं।
पंजाब कांग्रेस के विधायक सुखपाल सिंह खैरा ने कहा, "मुझे लगातार सूचनाएं मिल रही थीं कि सेक्टर-39, चंडीगढ़ में जो मंत्री आवास हैं, उनमें इन्होंने दिल्ली के लोगों को बैठा रखा है। हमारे पंजाब के मंत्री डॉ. रवजोत सिंह हैं, उनके घर पर सिसोदिया ने पिछले दो साल से ज्यादा समय से कब्जा कर रखा है।"
उन्होंने कहा, "मुझे यह भी पता चला कि वह एक लड़की को राजस्थान से लेकर आए हैं, चुपके से उसे नीचे से उठाया है और यहां पंजाब में ऑब्जर्वर लगा दिया है। बहुत सारी सिक्योरिटी, गाड़ियां आदि मनीष के साथ रहती हैं। अब जो बात मैंने उठाई थी, वह बिल्कुल सच है और मैं अपने आरोप से पीछे भी नहीं हट रहा हूं।"
खैरा ने कहा, "उस लड़की गायत्री बिश्नोई ने खुद ही कबूल कर लिया, जब उसने गुस्से में आकर मुझे गाली-गलौज किया, लेकिन उसने एक बात बाहर जाकर कबूल की। नेम प्लेट दिखा दी कि मैं 960 में नहीं रहती, बल्कि 961 में रहती हूं, जो डॉक्टर बलबीर सिंह, स्वास्थ्य मंत्री की कोठी है।"
उन्होंने कहा, "पहले तो मैंने उससे पूछा कि आप एक मंत्री आवास में क्यों रह रही हैं ? फिर वह बोलीं कि मेरे पिताजी बीमार हैं, उनका हार्ट का ऑपरेशन हुआ है। वह सूबेदार रिटायर्ड हैं, उनका तो देश के किसी भी अस्पताल में कैशलेस ट्रीटमेंट होता है लेकिन मंत्री के घर में रहना और वहां पर अपना इलाज करवाना, फिर तो बहुत कुछ, खुलासा हो गया। फिर वो बताने लगी कि उनके पिताजी हार्ट पेशेंट हैं, लेकिन छोले-भटूरे खा रहे हैं और घर में टेबलों के ऊपर केक हैं। मतलब ऐश हो रही है और डॉ. बलबीर घर से बाहर रह रहे हैं।"
कांग्रेस विधायक ने आगे कहा, "उसके बाद जब यह बात पब्लिक डोमेन में आई, तो पंजाब के बहादुर लोगों ने, बहुत सारे यूट्यूबर्स ने, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने मेरा पूरा समर्थन किया और उसे दो टूक जवाब दे दिया। उसके बाद एक बड़ी बात सामने आ गई। उसके बाद हमारे पास एक लिस्ट आई कि लगभग 10 मंत्री आवासों में दिल्ली के आम आदमी पार्टी के लगाए हुए लोग रह रहे हैं, जो हमारे मंत्रियों के घरों में रह रहे हैं।
उन्होंने कहा, "यह बहुत ही महत्वपूर्ण सवाल है और हमारी सुरक्षा का दुरुपयोग हो रहा है। असल में इस मुद्दे ने पंजाब को उठा दिया, जगा दिया। पंजाबियों को ऐसा लग रहा है कि हमने तो भगवंत मान को वोट दिया था लेकिन हम पर राज तो दिल्ली के लोग कर रहे हैं, केजरीवाल और दिल्ली के हारे हुए लोग।"
खैरा ने कहा कि मुख्यमंत्री के दफ्तर को भी वैभव कुमार कंट्रोल कर रहा है, जिसने स्वाति मालीवाल को पीटा था, उनके पेट में लातें मारी थीं, जिसे जेल जाना पड़ा था। वह हमारे मुख्यमंत्री के दफ्तर में कंट्रोल कर रहा है, घर पर रह रहा है।
सुखपाल सिंह खैरा ने कहा, "इसी तरह से हमारे डीजीपी पंजाब का चार साल से एड-हॉक हैं, वह गैर-पंजाबी हैं। चीफ सेक्रेटरी कैप्स, जिसका नाम मजाक में विपक्ष ने टोपी रख दिया है, क्योंकि वह बहुत टोपी घुमाता है, यह चीफ सेक्रेटरी भी गैर-पंजाबी है। सारे कॉर्पोरेशन-बोर्डों में, जैसे दीपक चौहान का नाम आया, जो सिसोदिया का एक तरह से पीए है, जिसे कैबिनेट का दर्जा देकर इंडस्ट्रियल कॉर्पोरेशन का चेयरमैन बनाया गया है, उसको भी सेक्टर 39 में 902 नंबर कोठी में रखा हुआ है।"
--आईएएनएस
केके/वीसी
