मनसे की राजनीति हिंसा वाली होती है, छठ पूजा को लेकर उठे विवाद पर बोले नसीम सिद्दीकी
मुंबई, 13 नवंबर (आईएएनएस)। मुंबई में आस्था का महापर्व छठ पूजा को लेकर सियासत तेज हो गई है। मनसे प्रमुख राज ठाकरे के सोशल मीडिया पोस्ट और बयानों को लेकर एनसीपी (एसपी) नेता और प्रवक्ता नसीम सिद्दीकी ने कहा कि सभी को अपने धर्म के अनुसार त्योहार मनाने की आजादी है।
आईएएनएस से बातचीत में नसीम सिद्दीकी ने कहा कि किसी भी धार्मिक त्योहार का विरोध नहीं करना चाहिए। छठ पूजा उत्तर भारत में एक महत्वपूर्ण त्योहार है। इस पर्व के लिए सभी राजनीतिक दलों के साथ सरकारों को भी सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मनसे कोई राजनीतिक दल नहीं है। यह एक युवाओं का ग्रुप है। हमेशा उनकी राजनीति हिंसा वाली होती है।
मनसे प्रमुख राज ठाकरे के सोशल मीडिया पोस्ट पर समाजवादी पार्टी के नेता अबू आजमी ने कहा कि यह एक धार्मिक मामला है। मैं इस पर ज्यादा कुछ नहीं बोल सकता हूं। लोग अपने धर्म के अनुसार अपने पर्व मनाते हैं, लेकिन प्रदूषण न बढ़े यह कोशिश होनी चाहिए।
मुंबई में रेलवे स्टेशनों पर भोजपुरी गानों को बंद कराने को लेकर आजमी ने कहा कि किसी प्रांत और भाषा के प्रति ऐसी सोच नहीं होनी चाहिए। गाना गाया जा रहा है तो इससे मनोरंजन ही तो हो रहा है।
रेलवे स्टेशन पर भोजपुरी गीतों को लेकर मनसे नेता दिनेश पुंडे ने कहा कि जब हमारी पार्टी के कार्यकर्ताओं और साथियों को पता चला कि गाने बजाए जा रहे हैं, तो उन्होंने तुरंत स्थानीय प्रशासन को सूचित किया, जिन्होंने इसे रुकवा दिया। यह गलत है। यहां आकर अपनी ताकत दिखाने की कोशिश न करें। हमें आपसे या आपकी संस्कृति से कोई दिक्कत नहीं है। हम बस इतना कहना चाहते हैं कि आपको यहां अपनी ताकत दिखाने की कोशिश नहीं करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि छठ पूजा मनाने को विरोध नहीं किया था और न ही कर रहे हैं। हम बस इतना पर्यावरण के मद्देनजर कह रहे हैं, पानी में अगर फूल या दीपक भी छोड़ा जाता है तो नुकसान होगा।
शिवसेना प्रवक्ता संजय निरुपम ने कहा कि जुहू बीच, मुंबई का पिछले 30 वर्षों से छठ पूजा के भव्य-दिव्य आयोजन का बहुत बड़ा साक्षी है, ऐतिहासिक साक्षी है। हर छठ पर जानबूझकर कुछ न कुछ इस प्रकार की बयानबाजी की जाती है, जिससे लोगों की पूजा से जुड़ी भावनाएं आहत हों। तो मैं सबसे पहले अपने साथियों से निवेदन करूंगा कि जितनी राजनीति करना है, करिए। राजनीति करने के लिए बहुत सारे मुद्दे हमारे पास हैं, लेकिन किसी की पूजा-पद्धति और पूजा के ऊपर राजनीति नहीं होनी चाहिए।
दूसरी ओर राज ठाकरे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि भाजपा और उसके द्वारा पाला-पोसा गया जहरीला सोशल मीडिया इकोसिस्टम इस समय 'छठ पूजा' के मुद्दे का इस्तेमाल करके महाराष्ट्र के मुंबई में टकराव पैदा करने की पुरजोर कोशिश कर रहे हैं। इसके लिए वे सोशल मीडिया पर ऐसी रील्स फैला रहे हैं जिनमें पूजा-पाठ के रीति-रिवाजों को दिखाया गया है। इतना ही नहीं, उन्होंने मुंबई के कुछ रेलवे स्टेशनों पर भोजपुरी संगीत बजाने की भी कोशिश की, जिसे महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना ने तुरंत रुकवा दिया। भाजपा हताश है, क्योंकि वे जिस टकराव को पैदा करना चाहते थे, वह हो नहीं पाया। यह सारी अफरा-तफरी उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी चुनावों को ध्यान में रखकर की जा रही है।
--आईएएनएस
डीकेएम/वीसी
