मनीष तिवारी की अनदेखी पर भाजपा का हमला, तरुण चुघ बोले- कांग्रेस में वंशवाद और तानाशाही हावी
नई दिल्ली, 3 जुलाई (आईएएनएस)। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद तरुण चुघ ने कांग्रेस नेता मनीष तिवारी को कांग्रेस की चुनावी समितियों और नई संगठनात्मक टीम में जगह नहीं मिलने, भारत-पाकिस्तान बातचीत की वकालत करने वाले जम्मू-कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्ला, तथा अमरनाथ यात्रियों के लिए प्रधानमंत्री मोदी के पत्र जैसे मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की।
कांग्रेस नेता मनीष तिवारी के मामले में भाजपा नेता तरुण चुघ ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आईएएनएस से कहा कि कांग्रेस पार्टी एक्सपायर इंजेक्शन की तरह है। ऐसे इंजेक्शन को न तो लगाने से फायदा होगा न छोड़ने से। देश के किसी भी राज्य में कांग्रेस में महापरिक्रमा और परिक्रमावादियों में संघर्ष चल रहा है, क्योंकि पराक्रमवादी पार्टी छोड़ चुके हैं।
उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी में वंशवाद,अहंकार और तानाशाही सिर चढ़कर बोल रही है। नौसिखिए युवराज टूलकिट पर ऑपरेशन सिंदूर के समय नागिन डांस करते हैं। जिन लोगों से अपनी पार्टी संभल नहीं रही। वह पंजाब में सरकार चलाने का मुंगेरी लाल का हसीन सपना देख रहे हैं।
भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में चमचा युग चल रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि कांग्रेस पार्टी के भीतर एससी समाज के साथ गलत बर्ताव किया जा रहा है और दलित भाईचारे को पीछे फेंका जा रहा है। जाति के आधार पर नेतृत्व खड़ा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का घिनौना चेहरा जनता के सामने आ रहा है।
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के पाकिस्तान के साथ रिश्ते सुधारने की वकालत पर तीखी प्रतिक्रिया जाहिर की। उन्होंने कहा कि अगर वह शांति चाहते हैं तो वह भारत को नहीं, बल्कि पाकिस्तान को सलाह दें कि वह आतंकी कैंप और हिंदू-सिख अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचार को बंद करे। वहां पर मंदिरों और गुरद्वारों के ध्वस्तीकरण,जबरन धर्मांतरण और धार्मिक उत्पीड़न पर उमर अब्दुल्ला को मुखर होकर बोलना चाहिए।
भाजपा नेता ने कहा कि आतंक और वार्ता दोनों साथ-साथ नहीं चल सकते। भारत की नीति स्पष्ट है कि जब तक पाकिस्तान आतंकी गतिविधियां बंद नहीं करता तब तक वार्ता नहीं हो सकती। इसलिए उमर अब्दुल्ला पाकिस्तान को नसीहत दें। पड़ोसी देश के पीआरओ की भूमिका अदा न करें।
भाजपा नेता तरुण चुघ ने अमरनाथ यात्रियों के लिए प्रधानमंत्री मोदी के पत्र को स्वागत योग्य बताया। बाबा अमरनाथ की यात्रा देश की सनातन आस्था, सांस्कृतिक एकता और राष्ट्र की अखंड चेतना का जीवंत प्रतीक है। देश के हर कोने से आने वाले श्रद्धालु एक भारत-श्रेष्ठ भारत के संकल्प को साकार करते हैं। उन्होंने कहा कि अमरनाथ यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं है, बल्कि पूरे विश्व में जम्मू-कश्मीर की शांति,विकास, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति देने वाला एक राष्ट्रीय अभियान बन चुका है।
--आईएएनएस
एएसएच/वीसी
