मनीष गोयल के समर्थन में आए बेटे आर्यवीर, बोले-'मैं अपने पिता को जानता हूं, वो ऐसे नहीं हैं'
मुंबई, 11 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेता मनीष गोयल इन दिनों 'बिग बॉस-20' में नजर आ रही हैं। हाल ही में अभिनेता के बेटे आर्यवीर ने कंटेस्टेंट काजी तौकीर से जुड़े चल रहे विवाद के बीच अपने पिता का समर्थन किया है। आर्यवीर का कहना है कि इस पूरे एपिसोड ने उनके परिवार को बहुत दुख पहुंचाया है।
दरअसल, काजी ने 'बिग बॉस 20' के घर में एक मजेदार रोल-प्ले एक्टिविटी के दौरान उनके इंटरैक्शन के बारे में टिप्पणी की, जिसके बाद मनीष टूट गए।
शो में एक एक्टिविटी टास्क के दौरान काजी को एक महिला किरदार निभाते हुए और लहंगा चोली पहनकर देखा गया था और मनीष ने भी इस मजेदार इंटरैक्शन में हिस्सा लिया था। बाद में काजी ने मनीष पर एक्ट के दौरान उन्हें अनुचित तरीके से छूने का आरोप लगाया और कहा कि इस इंटरैक्शन ने उन्हें असहज कर दिया।
यह घटना तब और बढ़ गई जब काजी ने कथित तौर पर इस व्यवहार की तुलना सड़क पर महिलाओं को परेशान करने वाले मनचलों और गुंडों के व्यवहार से कर दी। मनीष, जो नॉमिनेशन रूम में थे, भावुक हो गए और अपना बचाव करते हुए टूट गए।
मनीष ने बार-बार अपनी पत्नी, बेटी, बहन, मां और अपनी महिला सह-कलाकारों के बारे में बात की और जोर दिया कि उन्होंने हमेशा महिलाओं का सम्मान किया है। उन्होंने एक्टर जूही परमार का भी जिक्र किया, जिनके साथ उन्होंने कई सालों तक काम किया था और कहा कि वह जानते हैं कि वह हमेशा उनके आसपास सुरक्षित महसूस करती थीं।
शुरुआत में सभी घरवालों ने इस इंटरैक्शन को मजाक समझा था और काजी के साथ खेल में हिस्सा लिया था, लेकिन उनके कमेंट्स बढ़ने के बाद, वे सभी मनीष के समर्थन में आगे आए। घर की महिलाओं ने भी कहा कि वे मनीष के आसपास पूरी तरह से सुरक्षित महसूस करती हैं और उनके चरित्र की गारंटी दी।
इसके मनीष गोयल के बेटे आर्यवीर ने इंस्टाग्राम स्टोरीज सेक्शन पर इस विवाद पर प्रतिक्रिया दी। अपनी पहली पोस्ट में आर्यवीर ने लिखा, "उन सभी कंटेस्टेंट्स का धन्यवाद, जिन्होंने स्टैंड लिया और काजी के फैंस, मैं आप में से किसी से भी नहीं डरता। ये अंधापन और जहरीलापन सच में अविश्वसनीय है। मैंने हमेशा अपने पिता की काजी के साथ दोस्ती और उनकी मस्ती का समर्थन किया है, लेकिन हाल ही में जो हुआ उसने एक हद पार कर दी। काजी ही थे जिन्होंने सबसे पहले मेरे पिता पर झपट्टा मारा, अजीब इशारे किए और उन्हें उकसाया। मेरे पापा ने भी साथ में खेला और तब किसी को कोई दिक्कत नहीं हुई। ये सब मस्ती-मजाक था, जब तक उन्होंने अनुचित छूने जैसे गंभीर आरोप लगाकर प्रैंक करने का फैसला नहीं किया। क्या आप सच में गंभीर हैं? क्या आप समझते हैं कि ऐसे आरोप कितने गंभीर होते हैं?"
उन्होंने आगे लिखा, "मैं अपने पिता को जानता हूं। एक व्यक्ति की बात सच नहीं बन जाती। घर के अंदर के लोग भी जानते हैं कि काजी ने हद से ज्यादा कर दिया। कृपया किसी का अंधा अनुसरण करना बंद करें और अपने दिमाग का इस्तेमाल करना शुरू करें, जो लोग कह रहे हैं कि मेरे पापा पत्नी और बच्चे का कार्ड खेल रहे हैं, शायद ये सवाल करें कि आप बिग बॉस पर नकली चेहरों और बनावटी भावनाओं के इतने आदी क्यों हो गए हैं कि आप एक सच में अच्छे, परिपक्व इंसान को पहचान नहीं पा रहे हैं। आप मेरे पिता के खेल को नापसंद कर सकते हैं, उनसे असहमत हो सकते हैं या उनकी आलोचना कर सकते हैं, लेकिन आप उनके चरित्र का अपमान करके नहीं बच पाएंगे। आई लव यू, पापा। मैं जानता हूं आप कैसे इंसान हैं, और मैं हमेशा आपके साथ खड़ा रहूंगा। चाहे कुछ भी हो।"
आर्यवीर ने फिर एक और पोस्ट शेयर की, जिसमें उन्होंने अपनी पहले वाली बातों का संदर्भ स्पष्ट किया और बताया कि उन्होंने क्यों बोला था। उन्होंने लिखा, "कुछ लोग मेरी स्टोरी को मुद्दा बना रहे हैं, तो मैं साफ कर दे रहा हूं कि मेरा क्या मतलब था। मेरी पिछली स्टोरी उन कमेंट्स में से एक थी, जो मेरे परिवार और मुझे सीधे तौर पर जान से मारने की धमकी दे रहे थे। इसलिए मैंने इस मुद्दे पर बात की। फिर, बाद में मुझे एहसास हुआ कि मैं ऐसे कहने वाले हर किसी को जवाब नहीं दे सकता या उनका बचाव नहीं कर सकता।"
--आईएएनएस
एनएस/पीएम
