Aapka Rajasthan

मणिपुर डीजीपी ने पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज का किया निरीक्षण, इंफाल ईस्ट में हथियार के साथ दो बदमाश गिरफ्तार

इंफाल, 3 नवंबर (आईएएनएस)। मणिपुर में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस महकमा लगातार सक्रिय है। एक तरफ पुलिस महानिदेशक प्रशिक्षण व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुटे हैं तो दूसरी तरफ मैदानी कार्रवाई में अपराधियों पर शिकंजा कसा जा रहा है।
 

इंफाल, 3 नवंबर (आईएएनएस)। मणिपुर में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस महकमा लगातार सक्रिय है। एक तरफ पुलिस महानिदेशक प्रशिक्षण व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुटे हैं तो दूसरी तरफ मैदानी कार्रवाई में अपराधियों पर शिकंजा कसा जा रहा है।

3 नवंबर को मणिपुर के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) मुकेश सिंह ने मणिपुर पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज (एमपीटीसी) का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने वहां के बुनियादी ढांचे और प्रशिक्षण सुविधाओं का निरीक्षण और समीक्षा की। दौरे के समय डीजीपी को वहां चल रहे प्रशिक्षण कार्यों, मौजूदा बुनियादी ढांचे और उन क्षेत्रों के बारे में जानकारी दी गई, जिनमें सुधार की आवश्यकता है।

पुलिस मुख्यालय के अनुसार, इस दौरे का मुख्य उद्देश्य बुनियादी ढांचे की जरूरतों का आकलन करना, प्रशिक्षण सुविधाओं को मजबूत करने के उपाय खोजना और मणिपुर पुलिस कर्मियों की प्रशिक्षण आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए कॉलेज की क्षमता को बढ़ाना था।

डीजीपी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ट्रेनिंग की गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए, क्योंकि बेहतर प्रशिक्षण ही बेहतर पुलिसिंग की नींव है। आने वाले समय में कॉलेज में आधुनिक हथियारों, साइबर क्राइम और भीड़ नियंत्रण को लेकर विशेष मॉड्यूल शुरू करने पर भी चर्चा हुई।

दूसरी ओर, आम लोगों को हथियार दिखाकर डराने-धमकाने के आरोप में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। 3 नवंबर को इंफाल ईस्ट पुलिस कमांडो और 31 असम राइफल्स की एक संयुक्त टीम ने इंफाल ईस्ट जिले के इरिलबुंग पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आने वाले अरापती मयाई लेइकाई इलाके से दो लोगों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान पुखरीहोंगबम शांता सिंह उर्फ नतुम (47), निवासी अरापती मयाई लेइकाई, इंफाल ईस्ट और सपम प्रेमजीत सिंह उर्फ एबी (56), निवासी सेगा रोड कोंजेंग हजारी लेइकाई, इंफाल वेस्ट के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों पर हथियारों का इस्तेमाल करके आम लोगों को धमकाने और डराने-धमकाने का आरोप है।

तलाशी के दौरान इनके पास से एक .32 पिस्तौल मैगजीन के साथ, .32 बोर के 16 जिंदा कारतूस और एक होंडा एक्टिवा स्कूटर जब्त किया गया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी इलाके में दहशत फैलाकर वसूली की कोशिश कर रहे थे। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हथियार कहां से लाए गए और इनका किसी अन्य आपराधिक घटना से संबंध तो नहीं है।

--आईएएनएस

एससीएच/डीकेपी