मानव सुथार के बारे में अब सभी बात करेंगे: रविचंद्रन अश्विन
नई दिल्ली, 20 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को गाले में खेले गए पहले टेस्ट में 165 रन से हरा दिया। भारत की इस जीत के हीरो युवा खिलाड़ी देवदत्त पड्डिकल और मानव सुथार रहे। इसके अलावा अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने भी शानदार प्रदर्शन किया। पूर्व ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने इन दोनों खिलाड़ियों के अलावा जडेजा के प्रदर्शन को सराहा है।
अश्विन ने अपने युट्यूब चैनल पर जडेजा और सुथार पर बात करते हुए कहा कि दोनों बिल्कुल अलग तरह के गेंदबाज हैं। सुथार की ताकत उनके हाथों में बॉल रोटेशन है। जडेजा विकेटों पर बॉलिंग करेंगे और अपनी स्टॉक बॉल से आपको नियंत्रण देते हैं। मुझे लगता है कि जडेजा अब उतने अटैकिंग स्पिनर नहीं रहे। वह अपने अनुभव की वजह से ज्यादा प्रभावी हैं। यह बुरी बात नहीं है।
पूर्व भारतीय स्पिनर ने श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट में भारतीय टीम के प्रदर्शन की जमकर तारीफ की।
उन्होंने कहा, "गाले में पहली पारी का औसत स्कोर 433 है। जब भारत ने टॉस जीता और 450 से ज्यादा रन बनाए, तो उस समय सभी को पता था कि श्रीलंका के लिए यह मुश्किल होने वाला है। लेकिन मुझे लगता है कि श्रीलंका ने बहुत अच्छा खेला और एक युवा टीम को अच्छी टक्कर दी। देवदत्त पडिक्कल जबरदस्त थे। ध्रुव जुरेल ने अच्छा खेला। ऋषभ पंत ने दूसरी पारी में शानदार पारी खेली। केएल राहुल की बैटिंग स्टैंडर्ड थी। मानव सुथार हाइलाइट थे, हर कोई उनके बारे में बात करेगा।"
भारतीय टीम की तरफ से देवदत्त पड्डिकल सबसे सफल बल्लेबाज रहे। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने पहली पारी में 167 और दूसरी पारी में 44 रन की पारी खेली। कुल 211 रन बनाने वाले पड्डिकल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। मानव सुथार ने पहली पारी में 4 और दूसरी पारी में 6 विकेट सहित कुल 10 विकेट लिए। यह उनका दूसरा टेस्ट था। वहीं, रवींद्र जडेजा ने दोनों पारियों को मिलाकर कुल 4 विकेट लिए।
मैच पर नजर डालें तो भारत ने पहली पारी में 462 रन बनाए थे। देवदत्त पड्डिकल ने 167 रन की पारी खेली थी। श्रीलंका की पहली पारी 284 रन पर सिमट गई थी और 178 रन से पिछड़ गई थी। दूसरी पारी में टीम इंडिया 193 रन पर सिमट गई और पहली पारी में मिले 178 रन की बढ़त के आधार पर श्रीलंका को जीत के लिए 372 रन का लक्ष्य दिया। श्रीलंका 206 रन पर ऑल आउट हो गई और 165 रन से मैच हार गई।
--आईएएनएस
पीएके
