ममता का कोई एजेंडा नहीं चलेगा, बंगाल में कमल खिलेगा : केशव प्रसाद मौर्य
लखनऊ, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि बंगाल में ममता बनर्जी का कोई एजेंडा नहीं चलेगा बल्कि बंगाल में कमल खिलेगा।
तीन राज्यों में बड़े पैमाने पर हुए मतदान को लेकर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मतदाता सूची के शुद्धिकरण के बाद जिन राज्यों में चुनाव हो रहे हैं, वहां मतदान प्रतिशत में उल्लेखनीय वृद्धि हो रही है।
उन्होंने असम, केरल और पुडुचेरी का उदाहरण देते हुए कहा कि शुद्धिकरण के सकारात्मक परिणाम अब दिखने लगे हैं। बंगाल और तमिलनाडु के लोग भी भारी तदाद में वोट करेंगे, हम ऐसी उम्मीद कर सकते हैं।
बंगाल को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान का समर्थन करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल के मुद्दों को उठाने का एक बहुत ही अच्छा तरीका अपनाया है। ममता बनर्जी ने सत्ता के लालच में घुसपैठियों को मतदाता बना दिया है। उन्होंने पश्चिम बंगाल को एक धर्मशाला बना दिया है और आम लोगों का वहां रहना मुश्किल कर दिया है।
उन्होंने राज्य में बढ़ते अपराध और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि जिस तरह से अपराध बढ़े हैं, बहनों-बेटियों के साथ दुर्व्यवहार हो रहा है और जिन अपराधों को शब्दों में बयां भी नहीं किया जा सकता, उनकी सुरक्षा और पश्चिम बंगाल के विकास के लिए भाजपा की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। यही प्रधानमंत्री की अपील है और यही भाजपा की भी अपील है।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण पर मौर्य ने कहा कि वे लोकसभा, विधानसभा और बिहार विधान परिषद में सदस्य रह चुके हैं। अब वे राज्यसभा में भी सेवाएं देंगे। हमें उनकी सेवाओं से बहुत लाभ मिला है और भविष्य में भी मिलता रहेगा।
पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर डिप्टी सीएम ने कहा कि 2026 के चुनावों में ममता दीदी का कोई भी एजेंडा काम नहीं आएगा। इस बार जनता उनकी विदाई के लिए तैयारी कर चुकी है। भाजपा ने पश्चिम बंगाल की जनता के दिलों में अपनी जगह बना ली है। इस बार वहां ‘कमल’ खिलेगा और भाजपा 200 से अधिक सीटें जीतकर सरकार बनाएगी।
--आईएएनएस
डीकेएम/पीएम
