ममता बनर्जी पर भाजपा का तंज, समिक भट्टाचार्य बोले- 'लोग उनकी हरकतों पर हंस रहे हैं'
कोलकाता, 14 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने ममता बनर्जी के उच्च न्यायालय जाने और घर तोड़ने के आरोपों पर जवाब देते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार नहीं, बल्कि राज्य सरकार है। पहले पार्टी और सरकार एक हुआ करती थी, लेकिन इस बार ऐसा नहीं है।
समिक भट्टाचार्य ने कहा कि पश्चिम बंगाल में कौन सा बुलडोजर चल रहा है? कहां चल रहा है? ममता बनर्जी भूल गईं कि जेसीबी से कितने भाजपा कार्यकर्ताओं के घर तोड़े गए थे? किसी को भी उन्होंने नहीं छोड़ा था। विपक्ष के लोगों के मकान टीएमसी ने तोड़े थे। ये सब अब अतीत बन चुके हैं।
उन्होंने कहा कि हम सब यह भूलना चाहते हैं और राज्य को इससे बाहर निकालना चाहते हैं। अब निवेश की बात करें, युवाओं की नौकरी और किसानों की भलाई की बात करें।
समिक भट्टाचार्य ने कहा कि यूसीसी तो राज्य में आएगा, लेकिन कब आएगा, यह मुख्यमंत्री ही बता सकते हैं। हम पार्टी की राय बता सकते हैं, लेकिन सरकार की बात अलग है। पश्चिम बंगाल में पहले पार्टी और सरकार एक ही हुआ करती थी, लेकिन इस बार ऐसा नहीं है।
उन्होंने कहा कि पार्टी का स्टैंड मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी को भी पता है और मंत्रिमंडल में शामिल लोगों को भी पता है। हमारा कोई हिडन एजेंडा नहीं है। सरकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने के साथ ही चार पत्नियों और चौदह बच्चों पर भी सरकार का ध्यान है।
वकील के तौर पर कोर्ट पहुंचीं ममता बनर्जी पर तंज कसते हुए समिक भट्टाचार्य ने कहा कि मुझे लगा था कि वे इंटरनेशनल कोर्ट में जाएंगी। 2021 में चुनाव नतीजे सामने आने के बाद 57 भाजपा कार्यकर्ताओं को मार दिया गया, 27 महिलाओं के साथ अत्याचार किया गया, तब टीएमसी कहां थी? ममता बनर्जी का नाटक बर्दाश्त नहीं करेंगे।
उन्होंने कहा कि आज कानून का शासन चल रहा है। उनकी हरकतों पर लोग आज हंस रहे हैं।
--आईएएनएस
एएमटी/एबीएम
