मालवीय नगर अग्निकांड: कोर्ट ने लवकेश बजाज की रिमांड बढ़ाई, कुक को न्यायिक हिरासत में भेजा
नई दिल्ली, 8 जून (आईएएनएस)। दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड में गिरफ्तार होटल के मालिक लवकेश बजाज और कुक केशव नेगी को सोमवार को साकेत कोर्ट में पेश किया गया।
राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर में हुए अग्निकांड मामले में होटल के गिरफ्तार मालिक लवकेश बजाज और कुक केशव नेगी की पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद दोनों को सोमवार को दिल्ली के साकेत कोर्ट में पेश किया गया। इस दौरान कोर्ट ने लवकेश बजाज की पुलिस रिमांड दो दिन और बढ़ा दी है, जबकि कुक केशव नेगी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
इससे पहले दिल्ली पुलिस ने 6 जून को होटल के कुक केशव नेगी को गिरफ्तार किया था। दिल्ली पुलिस की जांच में सामने आया है कि आग लगने में कुक की लापरवाही थी। जांच के दौरान अधिकारियों को कथित तौर पर सुरक्षा नियमों के कई उल्लंघन और इमारत के फायर सेफ्टी इंफ्रास्ट्रक्चर में भी गंभीर कमियां मिली थीं।
इस मामले में पुलिस ने होटल के मालिक लवकेश बजाज के अलावा अन्य आरोपी स्वीटी सरकार और पुष्पो सरकार को भी गिरफ्तार किया है।
बता दें कि इस घटना में कई विदेशी नागरिकों समेत कम से कम 22 लोगों की मौत हो गई। इन 22 लोगों में से 9 भारतीय थे, जबकि 13 विदेशी नागरिक थे, जो बांग्लादेश, लाइबेरिया, नाइजीरिया और मोजाम्बिक के रहने वाले थे।
इमारत से 47 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया था। साकेत स्थित मैक्स हॉस्पिटल के बयान के मुताबिक, दक्षिण दिल्ली के इस अस्पताल में अभी कुल 14 मरीज भर्ती हैं। इनमें से 13 विदेशी हैं। वेंटिलेटर पर मौजूद सभी मरीज स्थिर हैं और उनमें सुधार के संकेत दिख रहे हैं।
दिल्ली अग्निशमन सेवा के अनुसार, आग की लपटों ने इमारत के बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और ऊपर की 5 मंजिलों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे गर्मी और धुएं के कारण काफी नकसान हुआ। दिल्ली पुलिस से जुड़े सूत्रों ने बताया कि रेस्टोरेंट में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी थी। जांच टीम को घटना के दौरान किसी भी एलपीजी सिलेंडर में धमाका होने का कोई सबूत नहीं मिला।
--आईएएनएस
एमएस/
