Aapka Rajasthan

मालदा हिंसा पर भाजपा नेता रोहन गुप्ता का विपक्ष पर प्रहार, बोले- पश्चिम बंगाल की जनता परिवर्तन चाहती है

अहमदाबाद, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता रोहन गुप्ता ने बंगाल में मालदा हिंसा, चंडीगढ़ ब्लास्ट और एलपीजी की उपलब्धता को लेकर विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता अब परिवर्तन चाहती है और ऐसी राजनीति का अंत निकट है।
 
मालदा हिंसा पर भाजपा नेता रोहन गुप्ता का विपक्ष पर प्रहार, बोले- पश्चिम बंगाल की जनता परिवर्तन चाहती है

अहमदाबाद, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता रोहन गुप्ता ने बंगाल में मालदा हिंसा, चंडीगढ़ ब्लास्ट और एलपीजी की उपलब्धता को लेकर विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला है। उन्‍होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता अब परिवर्तन चाहती है और ऐसी राजनीति का अंत निकट है।

भाजपा नेता ने मालदा में एसआईआर के दौरान तैनात न्‍यायिक अध‍िकारियों के साथ हुई हिंसा पर सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) द्वारा पश्चिम बंगाल को सबसे अधिक ध्रुवीकृत राज्य बताए जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जो लोग संविधान की प्रति लेकर घूमते हैं, वही अपने शासन वाले राज्यों में संविधान की धज्जियां उड़ा रहे हैं, जिसे पूरा देश देख रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बात से असहमत लोगों पर दबाव बनाया जा रहा है और संविधान के तहत चल रही प्रक्रिया पर सवाल उठाना सीधी दादागिरी है। उन्होंने यह भी कहा कि शरिया कभी भी संविधान का स्थान नहीं ले सकता और देश ने कभी भी दबंगई की राजनीति को स्वीकार नहीं किया है।

पंजाब में भाजपा कार्यालय के बाहर हुए धमाके पर प्रतिक्रिया देते हुए रोहन गुप्ता ने आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधा और कहा कि राज्य में पूरी तरह अराजकता का माहौल है। उन्होंने आरोप लगाया कि आप सरकार ने बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन एक भी पूरा नहीं किया।

उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता सब देख रही है कि किस तरह कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने मिलकर राज्य की स्थिति खराब की है। ड्रग्स का मुद्दा हो या कानून व्यवस्था, हर क्षेत्र में पंजाब पीछे चला गया है, जबकि लोग पड़ोसी भाजपा शासित राज्यों से तुलना कर रहे हैं। उनका दावा है कि दिल्ली की तरह पंजाब की जनता भी इस बार आम आदमी पार्टी को सत्ता से बाहर कर देगी।

कांग्रेस नेता कमलनाथ ने कहा कि देश में एलपीजी को कोई कमी नहीं है, सिर्फ माहौल बनाया जा रहा है। इससे पहले कांग्रेस नेता शशि थरूर और मनीष तिवारी ने भी यही बयान दिया था। इन बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए रोहन गुप्ता ने कहा कि यह कांग्रेस बनाम दरबारी कांग्रेस की आंतरिक लड़ाई है।

उन्होंने कहा कि जमीनी हकीकत से दूर रहकर माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है, जबकि सरकार बिना पेट्रोल-डीजल की कीमत बढ़ाए आपूर्ति का प्रबंधन कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब कांग्रेस के कुछ नेताओं ने सच्चाई सामने रखी, तो दरबारी नेताओं ने उन्हें ही निशाना बनाना शुरू कर दिया। ऐसे लोग वास्तविकता देखने के बजाय झूठ और भ्रम की दुनिया में जी रहे हैं, जिसे जनता स्वीकार नहीं करेगी।

--आईएएनएस

एएसएच/एबीएम