Aapka Rajasthan

‘मया मया’ से रातोंरात बनीं स्टार, मौली दवे को बप्पी लहरी ने दिया था ‘इंडियन शकीरा’ का खिताब

मुंबई, 2 जून (आईएएनएस)। सिंगर, अभिनेत्री और टीवी होस्ट मौली दवे ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर मनोरंजन जगत में खास पहचान बनाई है। ‘सा रे गा मा पा चैलेंज 2007’ में अपनी दमदार गायकी से दर्शकों का दिल जीतने वाली मौली आज भी अपनी सुरीली आवाज के लिए जानी जाती हैं।
 
‘मया मया’ से रातोंरात बनीं स्टार, मौली दवे को बप्पी लहरी ने दिया था ‘इंडियन शकीरा’ का खिताब

मुंबई, 2 जून (आईएएनएस)। सिंगर, अभिनेत्री और टीवी होस्ट मौली दवे ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर मनोरंजन जगत में खास पहचान बनाई है। ‘सा रे गा मा पा चैलेंज 2007’ में अपनी दमदार गायकी से दर्शकों का दिल जीतने वाली मौली आज भी अपनी सुरीली आवाज के लिए जानी जाती हैं।

खासकर फिल्म ‘गुरु’ के मशहूर गीत ‘मया मया’ की प्रस्तुति ने उन्हें रातोंरात चर्चा में ला दिया था। उनकी इस शानदार परफॉर्मेंस से प्रभावित होकर संगीतकार-गायक बप्पी लहरी ने उन्हें ‘इंडियन शकीरा’ का खिताब दिया था।

3 जून 1987 को अहमदाबाद में जन्मीं मौली दवे का संगीत से जुड़ाव बचपन से ही रहा है। शुरुआती शिक्षा गुजरात में पूरी करने के बाद उनका परिवार अमेरिका के टेक्सास में जाकर बस गया। वहीं, उन्होंने अपनी आगे की पढ़ाई पूरी की और टेक्सास यूनिवर्सिटी से स्नातक की डिग्री हासिल की। पढ़ाई के साथ-साथ उन्होंने संगीत की शिक्षा भी जारी रखी और भारतीय शास्त्रीय संगीत का प्रशिक्षण लिया।

संगीत के प्रति अपने जुनून को करियर में बदलने के लिए मौली ने मात्र 19 वर्ष की उम्र में मुंबई का रुख किया। उस समय वह अपने सपनों को साकार करने के लिए पूरी तरह तैयार थीं। इसी दौरान उन्हें ‘सा रे गा मा पा चैलेंज 2007’ में हिस्सा लेने का मौका मिला। इस शो के विदेशी ऑडिशन में चयनित होने के बाद उन्होंने अमेरिका का प्रतिनिधित्व किया और अपनी गायकी से सभी को प्रभावित किया।

शो में मौली ने गुरु फिल्म के गाना ‘मया मया’ को गाया था, जिसे दर्शकों के साथ ही जजों ने भी खूब सराहा। उनकी एनर्जेटिक परफॉर्मेंस, आत्मविश्वास और अलग अंदाज ने उन्हें प्रतियोगिता की सबसे चर्चित प्रतिभागियों में शामिल कर दिया। भले ही वह शो की विजेता नहीं बन सकीं, लेकिन फाइनलिस्ट के रूप में उन्होंने अपनी मजबूत पहचान बनाई। बप्पी लहरी द्वारा दिया गया ‘इंडियन शकीरा’ का खिताब उनकी लोकप्रियता को और बढ़ाने वाला साबित हुआ।

गायकी के अलावा, मौली ने अभिनय और एंकरिंग की दुनिया में भी अपनी प्रतिभा दिखाई। साल 2008 में उन्होंने जी टीवी के फैमिली शो ‘रॉक एन रोल फैमिली’ को होस्ट किया। इसके अलावा उन्होंने जूम टीवी की टेलीफिल्म ‘एक अनहोनी’ में अभिनय किया। वह निर्माता-निर्देशक रोहित शेट्टी के स्टंट बेस्ड एडवेंचर रियलिटी शो ‘फियर फैक्टर: खतरों के खिलाड़ी’ का भी हिस्सा रह चुकी हैं, जिसके जरिए मौली ने अपनी साहसिक छवि दर्शकों को दिखाई।

--आईएएनएस

एमटी/एबीएम