Aapka Rajasthan

मैं मुसलमान हूं और भाजपा को हराना भी चाहता हूं : आसिम वकार

नई दिल्ली, 2 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को बड़ा झटका देते हुए पार्टी के नेता आसिम वकार ने बुधवार को नई दिल्ली में कांग्रेस का दामन थाम लिया। कांग्रेस में शामिल होने के बाद वकार ने ओवैसी को सलाह देते हुए कहा कि भाजपा को हराने की कोशिश करनी चाहिए और जो भाजपा को हरा रहा है, उसे नहीं हराना चाहिए।
 

नई दिल्ली, 2 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को बड़ा झटका देते हुए पार्टी के नेता आसिम वकार ने बुधवार को नई दिल्ली में कांग्रेस का दामन थाम लिया। कांग्रेस में शामिल होने के बाद वकार ने ओवैसी को सलाह देते हुए कहा कि भाजपा को हराने की कोशिश करनी चाहिए और जो भाजपा को हरा रहा है, उसे नहीं हराना चाहिए।

आईएएनएस से बातचीत में आसिम वकार ने कहा कि देश की अधिकतर आबादी राहुल गांधी के साथ खड़ी है।

कांग्रेस में शामिल हुए आसिम वकार से जब समाजवादी पार्टी द्वारा आजम खान के साथ कथित नाइंसाफी को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि इस पर रिसर्च कीजिए। आजम खान साहब पर रिसर्च कीजिए। बहुत सी बातें हैं। सिर्फ एक लाइन में आजम खान पर चर्चा नहीं होगी। रिसर्च कीजिए, बहुत कुछ मिलेगा।

आरक्षण के मुद्दे पर आसिम वकार ने कहा कि हर उस जाति और धर्म को आरक्षण मिलना चाहिए, जो इसके पात्र हैं। जिन लोगों का आरक्षण के बिना गुजारा नहीं हो रहा है, उन्हें आरक्षण मिलना चाहिए। यदि मैं खाना नहीं खा पा रहा हूं, भूख से मर रहा हूं, मेरे बच्चे पढ़ नहीं पा रहे हैं, मेरे पास मकान नहीं है, कपड़े-जूते नहीं हैं, तो मैं उम्मीद करता हूं कि मुझे आरक्षण मिलना चाहिए।

आसिम वकार ने कहा कि मुसलमानों का भरोसा उन लोगों पर है, जो भाजपा को टक्कर देकर उसे हराने की ताकत रखते हैं। मुझे लगता है कि पूरे भारत में यदि कोई भाजपा को सबसे अधिक हराना चाहता है, तो वह मुसलमान है। इस बात को आप भी मानिए। मैं भी मुसलमान हूं, मेरे अंदर भी यही फितरत है कि मैं भाजपा को हराना चाहता हूं। जो मजबूत दिख रहा है, उसके साथ हूं।

राहुल गांधी को भावी प्रधानमंत्री बताते हुए आसिम वकार ने कहा कि मुझे ज्ञान बहुत अरसे से है। मैं पिछले पांच साल से यह बात कह रहा हूं कि देश के भावी प्रधानमंत्री राहुल गांधी हैं। मैं राहुल गांधी को तब भी देश का भावी प्रधानमंत्री मानता था, जब मैं पिछली पार्टी में था। मैं चाहता हूं कि देश को अच्छा प्रधानमंत्री मिले और वह राहुल गांधी हैं।

दूसरी ओर, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दाखिल करने को लेकर कहा कि उनके खिलाफ गलत आरोप लगाए गए और झूठ बोला गया है। मैंने कहा है कि अगर कोई प्रमाण है, तो दिखा दें। यूपी के मुख्यमंत्री भगवा वस्त्र पहनकर झूठ बोल रहे हैं। मैंने कोर्ट में चैलेंज किया है। सबूत दीजिए और देशवासियों से माफी मांगिए।

राम मंदिर के सीईओ की नियुक्ति की प्रक्रिया पर भी अजय राय ने सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि चढ़ावे की कथित चोरी को वैध बनाने के लिए सीईओ नियुक्त किया गया है। वहां सीईओ की जरूरत नहीं है, बल्कि धर्माचार्य होने चाहिए। शंकराचार्यों और संत-महात्माओं द्वारा वहां नियुक्ति की जानी चाहिए, ताकि धार्मिक व्यवस्था में उचित परंपरा और पारदर्शिता बनी रहे।

आसिम वकार के कांग्रेस में शामिल होने पर अजय राय ने कहा कि वह हमारे मजबूत साथी हैं। आज हम उन्हें कांग्रेस में लाए हैं। उनका स्वागत और अभिनंदन है। वह मजबूती से अपनी बात रखते हैं। उन्होंने राहुल गांधी पर विश्वास किया और हमारे साथ आए हैं।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजेंद्र पाल गौतम ने विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के साथ सीट शेयरिंग को लेकर कहा कि बातचीत जल्द शुरू होगी। फिलहाल पार्टी का संगठन सृजन का काम चल रहा है। इसे पूरा करने के बाद सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत शुरू की जाएगी।

आसिम वकार के कांग्रेस में शामिल होने पर राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि वह एआईएमआईएम के मुख्य प्रवक्ता रहे हैं और कई राज्यों के प्रभारी की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। वकार ने हमेशा देश, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों को उठाया है और लोकतंत्र को मजबूत करने की बात की है। राहुल गांधी देश में लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए जिस तरह दिन-रात काम कर रहे हैं, उससे प्रभावित होकर आसिम वकार ने एआईएमआईएम छोड़कर कांग्रेस का दामन थामा है। वकार के कांग्रेस में शामिल होने से पार्टी मजबूत होगी और लोकतंत्र को मजबूत करने के प्रयासों को भी बल मिलेगा।

इसी बीच, राम मंदिर ट्रस्ट के सीईओ को लेकर कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि पहले भाजपा को यह बताना चाहिए कि पुराने सीईओ को क्यों हटाया गया और इसके पीछे क्या कारण था। आप एसआईटी की आड़ लेकर करोड़ों भक्तों की आस्था के साथ हुए खिलवाड़ को भ्रमित नहीं कर सकते।

--आईएएनएस

डीकेएम/एबीएम