महिलाओं पर कैंची से हमला करने वाला साइको आरोपी गिरफ्तार, स्कूटी से करता था पीछा
नोएडा, 23 मई (आईएएनएस)। नोएडा के सेक्टर-58 थाने की पुलिस ने महिलाओं और लड़कियों पर पीछे से कैंची से हमला करने वाले एक कथित साइको आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी को सेक्टर-55/56 रोड से दबोचा। उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल स्कूटी और कैंची भी बरामद की गई है।
आरोपी की पहचान 26 वर्षीय अंकित वर्मा के रूप में हुई है, जो गाजियाबाद की खोड़ा कॉलोनी का रहने वाला है और नोएडा की एक निजी कंपनी में एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत है। पुलिस के अनुसार, 22 मई को दो महिलाओं ने थाना सेक्टर-58 पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि जब वे सेक्टर-55 रोड से अपने घर लौट रही थीं, तभी स्कूटी सवार एक युवक ने पीछे से आकर उन पर किसी नुकीली धारदार वस्तु से हमला कर दिया। हमले में दोनों महिलाओं को कमर के नीचे चोटें आई थीं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सेक्टर-58 पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर दोनों महिलाओं का मेडिकल परीक्षण कराया। साथ ही आरोपी की तलाश के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और लोकल इंटेलिजेंस की मदद से आरोपी की पहचान की और उसे 23 मई को सेक्टर-55/56 रोड से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह सुनसान रास्तों पर अकेली जा रही महिलाओं और लड़कियों को निशाना बनाता था। वह स्कूटी से उनका पीछा करता और मौका मिलते ही पीछे से कैंची से हमला कर फरार हो जाता था।
पुलिस का कहना है कि आरोपी मानसिक रूप से विकृत सोच का प्रतीत हो रहा है, और उससे यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उसने पहले भी ऐसी घटनाओं को अंजाम दिया है या नहीं। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अंकित वर्मा वर्ष 2020 से सेक्टर-62 स्थित एक निजी कंपनी में एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत है। उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास और गतिविधियों की गहन जांच कर रही है।
थाना सेक्टर-58 में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 118 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कूटी और एक कैंची बरामद कर ली है। फिलहाल, आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है।
--आईएएनएस
पीकेटी/डीकेपी
