महिलाओं पर बयान को लेकर भड़के मौलाना सैफ अब्बास, अख्तरुल ईमान की टिप्पणी को बताया निंदनीय
लखनऊ, 24 नवंबर (आईएएनएस)। शिया धर्मगुरु मौलाना सैफ अब्बास ने एआईएमआईएम बिहार के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान के महिलाओं को लेकर दिए गए बयान की कड़ी आलोचना की। अख्तरुल ईमान ने शादियों में दुल्हनों को सजाने-संवारने और उनके सार्वजनिक प्रदर्शन की तुलना कथित तौर पर तवायफों के प्रदर्शन से की थी। उन्होंने मुस्लिम महिलाओं के पर्दे और टोपी को लेकर भी टिप्पणी की थी।
मौलाना सैफ अब्बास ने इन टिप्पणियों को बेहद अफसोसनाक और निंदनीय बताते हुए एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी से इस मामले में सामने आकर बयान की निंदा करने और माफी मांगने की मांग की है।
मौलाना सैफ अब्बास ने कहा कि अख्तरुल ईमान का महिलाओं को लेकर दिया गया बयान बेहद दुखद है। किसी भी परिवार में बेटी की शादी के मौके पर माता-पिता की इच्छा होती है कि वे उसे अच्छी तरह सजाएं और संवारे। इस्लाम में भी जिस तरह से सजने-संवरने की अनुमति दी गई है, उसके दायरे में ऐसा करना गलत नहीं है। ऐसे में दुल्हनों के सजने-संवरने की तुलना तवायफों से करना किसी भी लिहाज से उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि यह केवल मुस्लिम महिलाओं का नहीं, बल्कि देश की सभी महिलाओं की इज्जत का सवाल है। भले ही अख्तरुल ईमान ने अपनी टिप्पणी किसी खास समुदाय को ध्यान में रखकर की हो, लेकिन देश की महिलाएं इस तरह की बात को स्वीकार नहीं करेंगी। जिन बेटियों की तुलना तवायफों से की गई है, उनकी गरिमा का सम्मान किया जाना चाहिए।
मौलाना सैफ अब्बास ने एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी से भी इस मुद्दे पर अपनी स्थिति स्पष्ट करने को कहा। उन्होंने कहा कि ओवैसी को सामने आकर अख्तरुल ईमान के बयान की निंदा करनी चाहिए और माफी मांगनी चाहिए। इस तरह की टिप्पणी महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली है।
अख्तरुल ईमान की टोपी को लेकर की गई टिप्पणी पर मौलाना ने कहा कि आजकल नेता भी टोपी पहनते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि टोपी पहनने पर आपत्ति है, तो सबसे पहले अपनी पार्टी के अध्यक्ष और नेताओं की टोपी पर सवाल उठाया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि अख्तरुल ईमान स्वयं भी अक्सर टोपी लगाते हैं। ऐसे में उनकी टिप्पणी विरोधाभासी है। चुनाव के दौरान मुस्लिम समाज का हमदर्द बनने की कोशिश करने वाले अख्तरुल ईमान को इस तरह के बयान का राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। उत्तर प्रदेश की जनता उन्हें और अधिक नकार सकती है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अख्तरुल ईमान ने माफी नहीं मांगी, तो मुस्लिम समाज और महिलाएं किस तरह विरोध दर्ज कराएंगी, इसका फैसला अब ओवैसी को करना चाहिए।
--आईएएनएस
पीएसके/एबीएम
