महिलाओं के खिलाफ योजनाबाद्ध तरीके से सरकार ने खेला राजनीतिक खेल: अवधेश प्रसाद
लखनऊ, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। लोकसभा में महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन बिल पास नहीं होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को देश को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी समेत कई विपक्षी पार्टियों को महिला विरोधी बताया। उनके बयान पर सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने केंद्र सरकार का घेराव किया।
समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा, "ये महिला बिल नहीं, बल्कि भाजपा द्वारा योजनाबद्ध राजनीतिक खेल था। इस खेल में 11 साल बाद सदन के अंदर सरकार घिरी और बहुमत से पीछे रही। वे जैसे हारे, उसके एक मिनट के अंदर पर्चा बंटने लगा। क्या उन्हें पहले पता था कि बिल गिर जाएगा?"
उन्होंने सरकार पर राजनीतिक चाल चलने का आरोप लगाते हुए कहा, "सरकार इस चाल में थी कि यह बिल गिरेगा, और इसका आपेक्ष विपक्ष पर चलेगा। विपक्ष पूरी तरह से महिलाओं और उन्हें सम्मान देने के पक्ष में है। सरकार ने चाल चली थी कि वह परिसीमन बिल लाने वाली थी। सरकार महिलाओं को हिस्सा नहीं देना चाहती थी, लेकिन आज उनकी चालबाजी की हार हुई। 2023 में ही महिला बिल सर्वसम्मति से पास हो चुका है, इसे क्यों नहीं लागू किया गया है।"
सपा सांसद ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा जाने वाली है। उन्होंने कहा, "भाजपा का अच्छा दिन खत्म हो रहा है। उन्हें पता है कि उत्तर प्रदेश में 2027 में उनकी सरकार जा रही है और अखिलेश यादव के नेतृत्व में पीडीए की सरकार बनने जा रही है। वे लोगों के अंदर सिर्फ भ्रम पैदा कर रहे हैं। लोग सरकार की गलत नीतियों पर ध्यान न दें, इसलिए वे ऐसा चाल चल रहे हैं।"
उन्होंने कहा, "सरकार की साजिश थी कि देश में पिछड़ी जाति, अल्पसंख्यक और दलित लोगों को हक न दिया जाए, लेकिन उन्हें हक देने के लिए सपा पूरी तरह तैयार और संघर्षशील है। हमारे नेता ने सदन में साफ-साफ कहा था कि वे महिला बिल के विरोध में नहीं, बल्कि उनके सम्मान और सुरक्षा के साथ है।"
--आईएएनएस
एससीएच/डीकेपी
